Samachar Nama
×

सिनसिनाटी ओपन: सैमसनोवा को हराकर तीसरे राउंड में पहुंचीं कोको गॉफ, सबालेंका ने भी दर्ज की जीत

सिनसिनाटी, 17 अगस्त (आईएएनएस)। चौथी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी कोको गॉफ ने सिनसिनाटी ओपन के तीसरे राउंड में अपनी जगह बना ली है। उन्होंने एक सेट हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए ल्यूडमिला सैमसनोवा को 2-6, 6-4, 6-1 से हराया।

सिनसिनाटी, 17 अगस्त (आईएएनएस)। चौथी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी कोको गॉफ ने सिनसिनाटी ओपन के तीसरे राउंड में अपनी जगह बना ली है। उन्होंने एक सेट हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए ल्यूडमिला सैमसनोवा को 2-6, 6-4, 6-1 से हराया।

यह इस सीजन में उनकी 10वीं ऐसी जीत थी जिसमें उन्होंने एक सेट हारने के बाद वापसी करते हुए तीन सेटों में जीत हासिल की है। ​​इसके साथ ही उन्होंने 2026 में टूर पर ऐसी सबसे ज्यादा जीत के मामले में अपनी ही देश की खिलाड़ी जेसिका पेगुला की बराबरी कर ली। सैमसनोवा के पहला सेट 6-2 से जीतने के बाद गॉफ ने दूसरे सेट के 10वें गेम में एक अहम ब्रेक हासिल किया और मैच को निर्णायक सेट तक ले गईं। डब्ल्यूटीए की रिपोर्ट के अनुसार, 2023 की चैंपियन ने तीसरे सेट में दबदबा बनाए रखा और आखिरी पांच गेम जीतकर 2 घंटे 6 मिनट तक चले मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की।

यह जीत 2026 में हार्ड कोर्ट पर गॉफ की 20वीं जीत है। वह इस साल का अपना पहला डब्ल्यूटीए खिताब जीतने की कोशिश में जुटी हुई हैं। हार्ड कोर्ट पर उनका अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन मियामी ओपन में रहा है, जहां वह उपविजेता रही थीं। अगले राउंड (राउंड ऑफ 16) में जगह बनाने के लिए गॉफ का मुकाबला 28वीं वरीयता प्राप्त अमेरिकी खिलाड़ी एन ली से होगा। हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में गॉफ 3-0 से आगे हैं और उन्होंने पिछली तीनों भिड़ंत में एन ली के खिलाफ सीधे सेटों में जीत दर्ज की है।

दुनिया की नंबर 1 खिलाड़ी आर्यना सबालेंका ने मौसम की वजह से हुई थकान से जूझते हुए 1 घंटे 52 मिनट में 6-2, 7-6 (2) से जीत हासिल की और तीसरे राउंड में जगह बनाई। यह टूर लेवल पर उनकी लगातार 24वीं ओपनिंग मैच जीत रही। सबालेंका का अगला मुकाबला डब्ल्यूटीए स्तर पर दूसरी बार वांग जिन्यू से होगा। हेड-टू-हेड में वह 1-0 से आगे हैं। सबालेंका और वांग जिन्यू की एकमात्र भिड़ंत ऑस्ट्रेलियन ओपन 2022 में हुई थी, जहां सबालेंका ने एक सेट हारने के बाद वापसी करते हुए तीन सेटों में जीत हासिल की थी।

इससे पहले, इगा स्वियातेक ने लिंडनर फैमिली टेनिस सेंटर में कोलंबिया की एमिलियाना अरंगो को 6-3, 6-0 से हराकर सिनसिनाटी ओपन में लगातार सातवीं जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही स्वियातेक ने इस सीजन में डब्ल्यूटीए टूर पर अपना 30वां मेन-ड्रॉ मैच जीता। अब उन्होंने अपने करियर में डब्ल्यूटीए 1000 लेवल पर 41 बार 6-0 से सेट जीते हैं। 1990 के बाद से सिर्फ मार्टिना हिंगिस (52) और सेरेना विलियम्स (50) ने ही उनसे ज्यादा बार ऐसा किया है।

अगर वह तीसरे राउंड में मारिया सकारी को हरा देती हैं, तो पोलैंड की यह खिलाड़ी हार्ड कोर्ट डब्ल्यूटीए 1000 इवेंट्स में 100 से अधिक जीत हासिल करने वाली पांचवीं एक्टिव खिलाड़ी बन जाएंगी। उनसे पहले सबालेंका, कैरोलिना प्लिस्कोवा, एलिना स्वितोलिना और सेरेना विलियम्स यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं।

--आईएएनएस

एसएम/पीएम

Share this story

Tags