Samachar Nama
×

बोर्नमाउथ ट्रांसफर पर सांचेज का बयान, बोले- यह सभी के लिए फायदे का सौदा

मैड्रिड, 5 अगस्त (आईएएनएस)। सेविला के विंग-बैक जुआनलू सांचेज प्रीमियर लीग क्लब बोर्नमाउथ में शामिल होने के बेहद करीब हैं। डिफेंडर ने बुधवार को खुद इस संभावित ट्रांसफर की पुष्टि की है।

मैड्रिड, 5 अगस्त (आईएएनएस)। सेविला के विंग-बैक जुआनलू सांचेज प्रीमियर लीग क्लब बोर्नमाउथ में शामिल होने के बेहद करीब हैं। डिफेंडर ने बुधवार को खुद इस संभावित ट्रांसफर की पुष्टि की है।

'सिन्हुआ' की रिपोर्ट के अनुसार, 22 वर्षीय खिलाड़ी ने सेविला एयरपोर्ट पर मीडिया से बात की। उस समय जुआनलू सांचेज डील पूरी करने के लिए इंग्लैंड जाने की तैयारी कर रहे थे। इस डील के तहत वह जून 2030 तक क्लब के साथ कॉन्ट्रैक्ट साइन करेंगे, जिसके कोच अब मार्को रोज हैं।

जुआनलू ने कहा, "आखिरकार, यह आगे बढ़ने के लिए एक अच्छा प्रोजेक्ट है, और हम दोनों को इसी की जरूरत थी।" खबरों के मुताबिक, बॉर्नमाउथ को उन पर लगभग 11 मिलियन यूरो (12.7 मिलियन अमेरिकी डॉलर) खर्च करने होंगे, जिससे सेविला की आर्थिक स्थिति को बहुत जरूरी मदद मिलेगी।

उन्होंने माना, "क्लब (सेविला) को उस आय की जरूरत थी, और मुझे भी आगे बढ़ते रहने की जरूरत थी। घर छोड़ना हमेशा मुश्किल होता है, लेकिन जब मैंने प्रोजेक्ट देखा और क्लब ने ऑफर देखा, तो मुझे लगता है कि हममें से किसी को भी ज्यादा शक नहीं था।"

जुआनलू ने माना कि डील को अंतिम रूप देने में लंबा समय लगा, लेकिन उन्होंने कहा कि वह भविष्य को लेकर बहुत उत्साहित हैं। डिफेंडर ने कहा, "ये साल शानदार रहे हैं, कुछ समय थोड़े मुश्किल भी थे, लेकिन आखिर में हम सभी इससे उबर गए। मैं जहां भी रहूंगा, सेविला का समर्थन करते रहूंगा।"

इस बीच, सेविला ने रियल मैड्रिड से गोलकीपर फ्रैन गोंजालेज को साइन करने की पुष्टि की है। 21 वर्षीय खिलाड़ी ने जून 2031 तक कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है और वह इस गर्मी में सेविला के छठे नए खिलाड़ी बन गए। फ्रैन गोंजालेज ने रियल मैड्रिड की फर्स्ट-टीम के लिए एक मैच खेला और क्लब की बी टीम के लिए 46 बार खेले, साथ ही स्पेन के लिए अंडर-20 और अंडर-21 स्तर पर भी नियमित रूप से खेले।

खबरों के अनुसार, सेविला ने गोंजालेज के अधिकारों के 50 प्रतिशत के लिए लगभग एक मिलियन यूरो का भुगतान किया है, जबकि रियल मैड्रिड ने एक हिस्सा अपने पास रखा है जिससे उसे भविष्य में किसी भी बिक्री से फायदा हो सकेगा।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags