Samachar Nama
×

BCCI की 18 सितंबर की बैठक में होंगे बड़े फैसले, IPL चेयरमैन समेत इन पदों पर चुनाव, अंडमान-निकोबार पर भी नजर
 

BCCI की 18 सितंबर की बैठक में होंगे बड़े फैसले, IPL चेयरमैन समेत इन पदों पर चुनाव; अंडमान-निकोबार पर भी नजर


भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की सालाना बैठक 18 सितंबर को मुंबई में होने वाली है. इस बैठक में क्रिकेट प्रशासन से जुड़े कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं. सबसे ज्यादा नजर IPL गवर्निंग काउंसिल के दो पदों के चुनाव पर होगी. इसके अलावा अंडमान एंड निकोबार को एसोसिएट सदस्य का दर्जा देने और ICC में BCCI के प्रतिनिधियों की नियुक्ति पर भी चर्चा हो सकती है.

IPL चेयरमैन पद पर होगा चुनाव

BCCI सचिव देवजीत सैकिया के मुताबिक, सालाना बैठक में दो पदों के लिए चुनाव कराया जाएगा. इनमें IPL चेयरमैन का पद भी शामिल है. फिलहाल इस पद पर अरुण सिंह धूमल जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.BCCI ने सभी फुल मेंबर्स को चुनाव से जुड़ा नोटिस भेज दिया है. सदस्य 31 अगस्त तक अपने प्रतिनिधियों के नाम चुनाव सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं.चुनाव की प्रक्रिया के तहत वोटरों की सूची 1 सितंबर को जारी की जाएगी. इसके बाद 10 सितंबर को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे. उम्मीदवारों के नाम 11 सितंबर को घोषित किए जाने हैं.

लोकपाल और एथिक्स ऑफिसर की भी नियुक्ति

IPL चेयरमैन के अलावा BCCI के दूसरे पद के लिए लोकपाल एवं एथिक्स ऑफिसर की नियुक्ति भी प्रस्तावित है. सालाना बैठक में इन पदों से संबंधित प्रक्रिया को लेकर अहम फैसला हो सकता है.इसके साथ ही इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) में BCCI के प्रतिनिधि या प्रतिनिधियों की नियुक्ति भी बैठक के एजेंडे में शामिल है.

अंडमान एंड निकोबार को मिल सकता है एसोसिएट दर्जा

18 सितंबर की बैठक में अंडमान एंड निकोबार के लिए भी बड़ा फैसला हो सकता है. बोर्ड वहां अलग क्रिकेट एसोसिएशन स्थापित करने और उसे एसोसिएट सदस्य का दर्जा देने के प्रस्ताव पर चर्चा कर सकता है.BCCI ने इस मुद्दे को लेकर अपने सदस्य राज्यों को नोटिस भेजा है. बैठक में चर्चा के बाद ही सदस्यता पर अंतिम फैसला लिया जाएगा.हालांकि एसोसिएट दर्जा मिलने के बाद भी अंडमान एंड निकोबार की टीम तुरंत BCCI के घरेलू टूर्नामेंट में खेलना शुरू नहीं करेगी. लेकिन अलग क्रिकेट एसोसिएशन बनने से वहां क्रिकेट के बुनियादी ढांचे और प्रतिभाओं को विकसित करने में मदद मिल सकती है.

घरेलू क्रिकेट में बढ़ सकती हैं टीमों की संख्या

फिलहाल BCCI के कुल 38 फुल मेंबर्स हैं. इसी बीच उत्तर प्रदेश से तीन अलग-अलग रणजी टीम बनाने की मांग भी सामने आई है. BCCI ने इस मांग पर अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है.उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रतिभाएं होने और खिलाड़ियों को पर्याप्त मौके देने की चुनौती को देखते हुए भविष्य में घरेलू क्रिकेट की संरचना में बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.ऐसे में 18 सितंबर की BCCI बैठक सिर्फ प्रशासनिक नियुक्तियों के लिहाज से ही नहीं, बल्कि भारतीय घरेलू क्रिकेट के भविष्य के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

Share this story

Tags