भारत बनाम श्रीलंका: द्रविड़-पुजारा के 'खास क्लब' में शामिल हुए पडिक्कल, नाम जुड़ी बड़ी उपलब्धि
गॉल, 16 अगस्त (आईएएनएस)। भारत और श्रीलंका के बीच गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है। देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 167 रनों की शानदार पारी खेली। इस पारी के साथ ही पडिक्कल के नाम खास उपलब्धि भी दर्ज हो गई है।
देवदत्त पडिक्कल भारत की ओर से नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में 150 या इससे ज्यादा रनों की पारी खेलने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। पडिक्कल से पहले यह मुकाम सिर्फ राहुल द्रविड़ और चेतेश्वर पुजारा हासिल कर सके हैं। द्रविड़ ने साल 2009 में श्रीलंका के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैच में 177 रनों की दमदार पारी खेली थी। वहीं, पुजारा ने 2017 में 153 रन बनाए थे।
टेस्ट के दूसरे दिन भी पडिक्कल ने अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और अपने 150 रन 215 गेंदों में पूरे किए। पडिक्कल ने 230 गेंदों का सामना करते हुए 167 रनों की शानदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 15 चौके और एक छक्का लगाया। पडिक्कल ने ऋषभ पंत के साथ मिलकर 113 गेंदों में 71 रनों की साझेदारी निभाई। इसके बाद उन्होंने टेस्ट के पहले रिटायर हर्ट होकर ड्रेसिंग रूम लौटने वाले केएल राहुल के साथ टीम की पारी को आगे बढ़ाया।
पंत अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह 62 गेंदों में 39 रन बनाकर आउट हुए। पंत खराब शॉट खेलकर आउट हुए। केएल राहुल अपना शतक पूरा नहीं कर सके और वह 175 गेंदों में 82 रन बनाकर पवेलियन लौटे। टेस्ट के पहले दिन कप्तान शुभमन गिल (16 रन) बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके थे, जबकि यशस्वी जायसवाल (32 रन) अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे थे। टेस्ट के दूसरे दिन का पहले सेशन बारिश की भेंट चढ़ा। लगातार होती बारिश के कारण दूसरा सेशन भी देरी से शुरू हुआ और पिच में मौजूद नमी का श्रीलंका के गेंदबाजों ने भरपूर फायदा उठाया।
--आईएएनएस
एसएम/पीएम

