Samachar Nama
×

भारत बनाम आयरलैंड: शिवम दुबे जन्मदिन पर टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले चौथे भारतीय बने

बेलफास्ट, 26 जून (आईएएनएस)। शिवम दुबे जन्मदिन पर टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में विकेट हासिल करने वाले चौथे भारतीय बन गए हैं। शुक्रवार को अपना 33वां जन्मदिन मना रहे शिवम दुबे ने आयरलैंड के विरुद्ध टी20 सीरीज के पहले मैच में बेंजामिन कैलिट्ज को आउट करने के साथ यह कारनामा किया।

बेलफास्ट, 26 जून (आईएएनएस)। शिवम दुबे जन्मदिन पर टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में विकेट हासिल करने वाले चौथे भारतीय बन गए हैं। शुक्रवार को अपना 33वां जन्मदिन मना रहे शिवम दुबे ने आयरलैंड के विरुद्ध टी20 सीरीज के पहले मैच में बेंजामिन कैलिट्ज को आउट करने के साथ यह कारनामा किया।

मुकाबले के आठवें ओवर में भारत के नव नियुक्त कप्तान श्रेयस अय्यर ने दुबे को गेंद सौंपी और अपनी पहली ही गेंद पर दुबे ने कैलिट्ज को प्रसिद्ध कृष्णा के हाथों कैच आउट कराया। दुबे से पहले भारतीय खिलाड़ियों की इस सूची में युवराज सिंह, रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव ऐसा कर चुके हैं।

सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में जारी इस मुकाबले में श्रेयस अय्यर ने कप्तान के तौर पर अपने पहले ही मैच में टॉस जीता। सिक्के का उछाल अपने पक्ष में रहने के बाद अय्यर ने आयरलैंड को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया है।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा के साथ इस मैच में उतरी है।

वहीं, आयरलैंड की टीम टिम टेक्टर, रॉस अडायर, हैरी टेक्टर, लोर्कन टकर (विकेटकीपर/कप्तान), बेंजामिन कैलिट्ज, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, लियाम मैक्कार्थी, मैथ्यू हम्फ्रीज, जय मूंदड़ा और मैथ्यू होलार्ड के साथ यह मैच खेल रही है।

फैंस को उम्मीद थी कि 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी इस मैच के साथ अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करेंगे, लेकिन फिलहाल फैंस का इंतजार लंबा हो गया है। अब फैंस को उम्मीद है कि वैभव को आयरलैंड के विरुद्ध दूसरे टी20 मैच की प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है, जो 28 जून को इसी मैदान पर खेला जाना है।

दूसरी तरफ, आयरलैंड ने तेज गेंदबाज जय मूंदड़ा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डेब्यू का मौका दिया है। राजस्थान में जन्मे जय राजस्थान की अंडर-14 टीम का हिस्सा रहे हैं। वह एमटेक की पढ़ाई के लिए स्टूडेंट वीजा पर आयरलैंड गए थे, जिसके बाद उन्होंने वहीं क्रिकेट खेलना फिर से शुरू कर दिया। वह साल 2023 मे सीनियर कप विजेता टीम का भी हिस्सा रहे हैं। रोचक बात यह है कि जय के ताऊ के बेटे अजय मूंदड़ा वर्तमान में स्कॉटलैंड के लिए क्रिकेट खेलते हैं।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags