Best Fielders XI: बद्रीनाथ-श्रीधर की ऑलटाइम टीम में 4 भारतीय, युवराज सिंह को नहीं मिली जगह
क्रिकेट में बल्लेबाजी और गेंदबाजी के साथ फील्डिंग भी मुकाबले का रुख बदलने की ताकत रखती है. कई बार एक शानदार कैच, तेज थ्रो या डायरेक्ट हिट पूरी तरह मैच का पासा पलट देता है. इसी को ध्यान में रखते हुए पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुब्रमण्यम बद्रीनाथ और आर. श्रीधर ने अपनी ऑलटाइम बेस्ट फील्डर्स इलेवन चुनी है.
इस टीम में भारत के चार खिलाड़ियों को जगह दी गई है. हालांकि, दुनिया के बेहतरीन फील्डर्स में शामिल रहे युवराज सिंह इस चयन का हिस्सा नहीं हैं. टीम में ऑस्ट्रेलिया, वेस्टइंडीज, भारत और इंग्लैंड के कई दिग्गज खिलाड़ियों को शामिल किया गया है.
ओपनिंग में मार्क टेलर और गॉर्डन ग्रीनिज
बद्रीनाथ और आर. श्रीधर ने ओपनिंग की जिम्मेदारी ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान मार्क टेलर और वेस्टइंडीज के दिग्गज गॉर्डन ग्रीनिज को दी है.
मार्क टेलर खासतौर पर स्लिप में अपने शानदार कैच के लिए पहचाने जाते थे. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 217 मुकाबले खेले और इस दौरान 213 कैच लिए. वहीं गॉर्डन ग्रीनिज के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 141 कैच दर्ज हैं.
पोंटिंग और साइमंड्स की भी जगह
मिडिल ऑर्डर में ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग और एंड्रयू साइमंड्स को शामिल किया गया है. पोंटिंग अपनी चुस्त फील्डिंग के साथ स्लिप और इनफील्ड में शानदार कैच लेने के लिए जाने जाते थे. उन्होंने 560 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 364 कैच पकड़े.
एंड्रयू साइमंड्स की खासियत उनका मजबूत थ्रो और सटीक डायरेक्ट हिट था. उनके साथ वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज विव रिचर्ड्स और भारत के सुरेश रैना को भी टीम में जगह मिली है. रैना ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 167 कैच पकड़े.
धोनी को विकेटकीपर की जिम्मेदारी
विकेटकीपर के तौर पर महेंद्र सिंह धोनी को चुना गया है. धोनी अपनी तेज स्टंपिंग और शानदार विकेटकीपिंग के अलावा फील्डिंग में भी योगदान के लिए जाने जाते रहे हैं. उनके नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 829 विकेटकीपिंग डिसमिसल दर्ज हैं.
कपिल देव और रवींद्र जडेजा भी टीम में
भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव और स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा भी इस ऑलटाइम इलेवन का हिस्सा हैं. कपिल देव ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 135 कैच पकड़े थे.
वहीं जडेजा आधुनिक क्रिकेट के बेहतरीन फील्डर्स में गिने जाते हैं. उनके नाम 377 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 158 कैच दर्ज हैं. उनकी तेज रफ्तार और सटीक थ्रो कई मौकों पर टीम के लिए अहम साबित हुए हैं.
स्टोक्स और ब्रेट ली को भी मिली जगह
इंग्लैंड के बेन स्टोक्स और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली को भी इस टीम में शामिल किया गया है. स्टोक्स ने 279 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 192 कैच पकड़े हैं.
ब्रेट ली ने भी अपनी तेज गेंदबाजी के साथ फील्डिंग में योगदान दिया और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 322 मैचों में 83 कैच अपने नाम किए.
बद्रीनाथ-श्रीधर की ऑलटाइम बेस्ट फील्डर्स इलेवन
मार्क टेलर, गॉर्डन ग्रीनिज, रिकी पोंटिंग, विव रिचर्ड्स, सुरेश रैना, एंड्रयू साइमंड्स, एमएस धोनी (विकेटकीपर), बेन स्टोक्स, कपिल देव, रवींद्र जडेजा और ब्रेट ली.

