Samachar Nama
×

बैडमिंटन जूनियर नेशनल्स: महाराष्ट्र और हरियाणा सेमीफाइनल में पहुंचे; महिलाओं ने अंपायरिंग में रचा इतिहास

गंगटोक, 14 नवंबर (आईएएनएस)। 49वीं जूनियर (अंडर-19) नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप की शुरुआत शनिवार को हुई। बैडमिंटन कोर्ट पर महाराष्ट्र की लड़कियों और हरियाणा के लड़कों की मजबूत टीमों ने अपने शुरुआती मुकाबलों में आसान जीत दर्ज की।

गंगटोक, 14 नवंबर (आईएएनएस)। 49वीं जूनियर (अंडर-19) नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप की शुरुआत शनिवार को हुई। बैडमिंटन कोर्ट पर महाराष्ट्र की लड़कियों और हरियाणा के लड़कों की मजबूत टीमों ने अपने शुरुआती मुकाबलों में आसान जीत दर्ज की।

लड़कियों के इवेंट में, महाराष्ट्र ने असम को 2-0 से हराया, जबकि लड़कों के इवेंट में हरियाणा ने महाराष्ट्र को इसी स्कोर से मात दी। वहीं, उत्तराखंड के लड़कों और लड़कियों ने दोनों इवेंट्स में मेजबान सिक्किम को हराकर सेमीफाइनल (अंतिम चार) में जगह बनाई।

यह प्रतियोगिता भारतीय बैडमिंटन के लिए एक अहम पड़ाव है, क्योंकि यह देश की पहली ऐसी नेशनल चैंपियनशिप बन गई है, जिसमें चेयर अंपायरों का पूरा पैनल महिलाओं का है। इस प्रतिष्ठित नेशनल चैंपियनशिप में अंपायरिंग के लिए देश भर से कुल 17 अंपायरों को चुना गया है। इन अंपायरों का चयन इस साल की शुरुआत में जयपुर में आयोजित 'ऑल इंडिया रैंकिंग टूर्नामेंट' (अंडर-15/अंडर-17) में उनके प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। इंटर-स्टेट टीम इवेंट दो दिनों तक चलेगा, जबकि व्यक्तिगत इवेंट 16 नवंबर से शुरू होंगे।

खेल और युवा मामलों के मंत्री, राजू बसनेत ने कहा, "पूरे भारत से आए प्रतिभागियों का सिक्किम जैसे खूबसूरत और शानदार राज्य में आना, हम सभी के लिए बड़े सम्मान की बात है। इस टूर्नामेंट में महिला अंपायरों की टीम का होना यह दिखाता है कि सिक्किम महिला सशक्तिकरण में सबसे आगे है और यह उस दिशा में एक और कदम है।"

इस पहल के पीछे का कारण बताते हुए, बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (बाई) के महासचिव संजय मिश्रा ने कहा, "यह महिलाओं को उच्च स्तर पर अंपायरिंग के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारा लक्ष्य देश में योग्य और अनुभवी महिला अंपायरों की एक बड़ी संख्या तैयार करना है, और उन्हें बड़े राष्ट्रीय आयोजनों में अंपायरिंग करने का मौका देना है। यह पहल और भी महिलाओं को अंपायरिंग को करियर के रूप में चुनने के लिए प्रेरित करेगी।"

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story