एशियन पैरा गेम्स: निषाद कुमार और मोना अग्रवाल होंगे क्लोजिंग सेरेमनी में भारत के ध्वजवाहक
नई दिल्ली, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। एशियन पैरा गेम्स 2026 की क्लोजिंग सेरेमनी में पैरा निशानेबाज मोना अग्रवाल और एथलीट निषाद कुमार भारत के ध्वजवाहक होंगे। इन दोनों खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो-दो गोल्ड मेडल अपने नाम किए।
मोना ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैडिंग एसएच1 इवेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसके बाद 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन एसएच1 इवेंट में भी उनका प्रदर्शन जोरदार रहा और उन्होंने इस स्पर्धा में भी गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। मोना ने 357.5 के वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
वहीं, निषाद कुमार ने ऊंची कूद और लंबी कूद में देश को दो गोल्ड मेडल दिलाए। उन्होंने फाइनल में 2.04 मीटर की ऊंचाई को पार करते हुए नया गेम्स रिकॉर्ड भी कायम किया। ओपनिंग सेरेमनी में भारत की ओर बैडमिंटन खिलाड़ी प्रमोद भगत और सिमरन शर्मा भारत के ध्वजवाहक रहे थे।
एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत ने इतिहास रचते हुए अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। भारत ने कुल 114 मेडल जीते, जिसमें 30 गोल्ड, 35 सिल्वर और 49 ब्रॉन्ज मेडल शामिल रहे। पिछले एशियन पैरा गेम्स में भारत ने कुल 111 मेडल जीते थे,जिसमें 29 गोल्ड शामिल थे। हालांकि, पिछले रिकॉर्ड को इस बार भारतीय पैरा एथलीट्स ने ध्वस्त करते हुए ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है।
शुक्रवार का दिन भी भारत के लिए शानदार रहा। जैवलिन थ्रो में विश्व चैंपियन सुमित अंतिल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वहीं, महेंद्र ने भी दमदार खेल दिखाते हुए जैवलिन थ्रो में सिल्वर मेडल जीता।
वहीं, संदीप सरगर ब्रॉन्ज मेडल हासिल करने में सफल रहे। इस तरह पोडियम पर भारत के तीनों खिलाड़ियों ने जगह बनाई। इसके साथ ही नितेश कुमार, नवीन शिवकुमार, हरविंदर सिंह-संदीप विजय ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। संदीप कुमार ने 400 मीटर टी64 में नया विश्व रिकॉर्ड कायम किया। बैडमिंटन, तीरंदाजी और एथलेटिक्स में भारतीय खिलाड़ियों का जलवा बरकरार रहा।
--आईएएनएस
एसएम/वीसी

