Samachar Nama
×

एशियन गेम्स: स्क्वैश में अभय ने जीता सिल्वर, मगर एलए28 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालिफिकेशन से चूके

नागोया, 27 सितंबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 में रविवार को मेंस सिंगल्स स्क्वैश फाइनल में भारतीय खिलाड़ी अभय सिंह को मलेशिया के मौजूदा चैंपियन ईन यो एनजी के खिलाफ 9-11, 5-11, 5-11 से शिकस्त मिली, जिससे अभय को सिल्वर मेडल से ही संतोष करना पड़ा।

नागोया, 27 सितंबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 में रविवार को मेंस सिंगल्स स्क्वैश फाइनल में भारतीय खिलाड़ी अभय सिंह को मलेशिया के मौजूदा चैंपियन ईन यो एनजी के खिलाफ 9-11, 5-11, 5-11 से शिकस्त मिली, जिससे अभय को सिल्वर मेडल से ही संतोष करना पड़ा।

इसी के साथ सौरव घोषाल के बाद अभय इस इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने वाले दूसरे भारतीय पुरुष खिलाड़ी बने। सौरव ने साल 2014 और 2023 में सिंगल्स इवेंट में सिल्वर मेडल अपने नाम किए थे। फाइनल में हारने के कारण अभय एलए 2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई करने से चूक गए, जहां स्क्वैश पहली बार शामिल हो रहा है।

नागोया किंजो फुतो एरिना में 44 मिनट तक चला यह मुकाबला काफी कड़ा रहा, लेकिन धीरे-धीरे ईन ने अपना नियंत्रण बनाते हुए अभय को वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया। पिछले संस्करण के फाइनल में सौरव घोषाल को शिकस्त देने वाले मलेशियाई खिलाड़ी ने संभलकर शुरुआत करते हुए लंबी रैलियां कीं। अभय ने एक बेहतरीन बैकहैंड शॉट के साथ पहली बढ़त बनाई और कुछ समय के लिए 2-1 से आगे रहे।

ईन ने लगातार चार प्वाइंट्स जीतकर 6-3 की बढ़त बना ली, लेकिन अभय ने हार नहीं मानी। एक चालाकी भरे बैकहैंड विनर और एक स्ट्रोक कॉल की मदद से उन्होंने स्कोर 8-8 से बराबर कर लिया। हालांकि, ईन ने 10-8 पर दो गेम प्वाइंट्स हासिल किए और अभय द्वारा एक प्वाइंट्स बचाने के बावजूद पहला गेम 11-9 से जीत लिया।

दूसरे गेम की शुरुआत में अभय ने 2-2 से बराबरी बनाए रखी, लेकिन लगातार गलतियों के कारण ईन ने 7-3 की बढ़त बना ली। डिफेंडिंग चैंपियन ने दबाव बनाए रखा और 10-5 के स्कोर पर पांच गेम प्वाइंट्स हासिल किए, जिसके बाद उन्होंने 2-0 की बढ़त के साथ गेम अपने नाम कर लिया।

तीसरे गेम में अभय ने अच्छी शुरुआत की। सटीक बैकहैंड स्लाइस और क्रॉसकोर्ट किल के कॉम्बिनेशन से वे 4-2 से आगे हो गए, जिससे वापसी की उम्मीद जगी, लेकिन ईन ने संयम बनाए रखते हुए स्कोर 4-4 से बराबर किया और फिर लगातार तीन प्वाइंट्स जीतकर 7-5 की बढ़त बना ली। दो और प्वाइंट्स के साथ वे 9-5 के स्कोर पर खिताब के बेहद करीब पहुंच गए। 10-5 के स्कोर पर पांच चैंपियनशिप प्वाइंट्स मिलने के बाद, ईन को मुकाबला खत्म करने के लिए सिर्फ एक मौके की दरकार थी। आखिरी रैली में अभय ने स्लाइस की कोशिश की, लेकिन गेंद टिन से टकरा गई और मैच खत्म हो गया।

इस जीत के साथ ईन ने एशियन गेम्स का मेंस सिंगल्स खिताब बरकरार रखा और लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए भी क्वालीफाई कर लिया। इसके साथ ही वे ऐसे पहले स्क्वैश खिलाड़ी बन गए, जिन्होंने आइची-नागोया प्रतियोगिता के दौरान एक भी गेम गंवाए बिना ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags