Samachar Nama
×

एशियन गेम्स में आखिरकार गोल्ड मेडल का खाता खुला, उम्मीद है सिलसिला जारी रहेगा: कोच मजूमदार

निशिन, 22 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ 147 रन से ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए एशियन गेम्स 2026 में 'गोल्ड मेडल' अपने नाम किया। हेड कोच अमोल मजूमदार का मानना है कि खिताब बचाने में कामयाब होना देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने का सिलसिला शुरू कर सकता है।

निशिन, 22 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ 147 रन से ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए एशियन गेम्स 2026 में 'गोल्ड मेडल' अपने नाम किया। हेड कोच अमोल मजूमदार का मानना है कि खिताब बचाने में कामयाब होना देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने का सिलसिला शुरू कर सकता है।

मंगलवार को निशिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में भारतीय टीम ने 216/3 का स्कोर बनाने के बाद 'विमेन इन ब्लू' ने श्रीलंका को सिर्फ 69 रन पर समेट दिया। इस जीत से देश को 2026 संस्करण का पहला गोल्ड मेडल मिला।

भारत के लगातार दूसरे एशियाड गोल्ड जीतने के बाद मजूमदार ने 'आईएएनएस' से ​​कहा, "यह शानदार रहा। मुझे सच में खुशी है। आखिरकार बाईं ओर के कॉलम (गोल्ड) को एक मेडल मिला है और मुझे यकीन है कि इसके बाद, भारत के लिए इन गेम्स में गोल्ड मेडल का सिलसिला जारी रहेगा।"

भारत ने 13 सितंबर को श्रीलंका के खिलाफ 72 रन से जीत दर्ज करते हुए महिला एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम किया था, जिसके कुछ दिनों बाद 'विमेन इन ब्लू' ने फाइनल में एक बार फिर श्रीलंका को धूल चटाकर टाइटल जीता है।

मजूमदार ने कहा, "प्रत्येक टूर्नामेंट की अपनी अहमियत होती है; हर टूर्नामेंट में अलग दबाव होता है। दुबई जाकर एशिया कप जीतना आसान नहीं था। वहां आर्द्रता का स्तर बहुत अधिक था, और परिस्थितियां मुश्किल थीं। हर एक खिलाड़ी को सलाम; वे डटी रहीं और उन्होंने दुबई में एशिया कप में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन दुबई से सीधे जापान, सीधे टोक्यो और फिर नागोया आना, यह सभी के लिए एक शानदार सफर रहा है। हमें नहीं पता था कि यहां कैसी परिस्थितियां मिलेंगी। यहां हाइब्रिड पिच थी, और उन्होंने पिच की परिस्थिति के अनुरूप खुद को बहुत अच्छे से ढाल लिया। हमने 18 तारीख को एक मैच खेला, और फिर 19 तारीख को हमें ब्रेक मिला, और फिर हमने 20 तारीख को सेमीफाइनल खेला। तो हमें कुछ दिनों का ब्रेक मिला, और हमने इसका बहुत अच्छे से इस्तेमाल किया।"

मजूमदार ने कहा कि भारतीय टीम ने जापान में अपने समय का भरपूर लुत्फ उठाया है, खासकर मेहमाननवाजी और स्थानीय भोजन का। उन्होंने कहा, "मैंने जापान में रहने का लुत्फ उठाया। मैंने यहां की मेहमाननवाजी और खाने का भरपूर मजा लिया। मैं खाने का शौकीन हूं, इसलिए मैंने यहां के खाने का भी मजा लिया। हमने शहर भी घूमा। जापान में अब तक सब कुछ शानदार रहा है।"

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story