Samachar Nama
×

एशियन गेम्स: 'काउंटबैक' नियम के चलते हाथ से फिसला मेडल, आशा 'विमेंस ट्रिपल जंप' में चौथे स्थान पर रहीं

आइची, 24 सितंबर (आईएएनएस)। भारत की आशा इलांगो गुरुवार को आइची में जारी 'एशियन गेम्स 2026' में विमेंस ट्रिपल जंप इवेंट में मेडल से चूक गईं। आशा ने चीन की ली यी के साथ 13.83 मीटर की बराबरी थी, लेकिन 'काउंटबैक' नियम के कारण उन्हें चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा।

आइची, 24 सितंबर (आईएएनएस)। भारत की आशा इलांगो गुरुवार को आइची में जारी 'एशियन गेम्स 2026' में विमेंस ट्रिपल जंप इवेंट में मेडल से चूक गईं। आशा ने चीन की ली यी के साथ 13.83 मीटर की बराबरी थी, लेकिन 'काउंटबैक' नियम के कारण उन्हें चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा।

उज्बेकिस्तान की मौजूदा चैंपियन शरीफा दावरोनोवा ने 14.35 मीटर के अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ खिताब बरकरार रखा। वहीं, चीन की हुआंग यिंगयिंग ने 14.12 मीटर के साथ सिल्वर मेडल जीता। ली यी ने 13.83 मीटर के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।

आशा और ली, दोनों का बेस्ट स्कोर समान था, इसलिए आशा की मेडल की उम्मीदें उनके आखिरी प्रयास पर टिकी थीं। ली का दूसरा सबसे अच्छा जंप बेहतर था, इसलिए भारतीय खिलाड़ी को अपने आखिरी प्रयास में 13.79 मीटर से ज्यादा की दूरी तय करनी थी, लेकिन आशा अपने अंतिम प्रयास में सिर्फ 13.59 मीटर की दूरी पार कर सकीं।

आशा ने 13.43 मीटर के साथ बेहतरीन शुरुआत की थी, लेकिन उनका दूसरा प्रयास फाउल हो गया। तीसरे राउंड में उन्होंने प्रतियोगिता का अपना सर्वश्रेष्ठ जंप लगाया और 13.83 मीटर की दूरी तय करके मेडल की दौड़ में शामिल हो गईं।

इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने अपने आखिरी तीन जंप में 13.63 मीटर, 13.65 मीटर और 13.59 मीटर की दूरी तय की, लेकिन अपने तीसरे राउंड के प्रदर्शन में सुधार नहीं कर पाईं। इन खेलों में आने से पहले उनका इस सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 13.89 मीटर था।

दूसरी ओर, निहारिका वशिष्ठ के लिए फाइनल शुरुआती तीन प्रयासों के बाद ही खत्म हो गया। उनका पहला जंप फाउल रहा, जिसके बाद उन्होंने अगले दो प्रयासों में 13.00 मीटर और 12.60 मीटर की दूरी तय की। इस तरह वे कुल मिलाकर 10वें स्थान पर रहीं और आखिरी तीन राउंड के लिए जरूरी टॉप-8 खिलाड़ियों में जगह नहीं बना पाईं। निहारिका 13.64 मीटर के सीजन के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ प्रतियोगिता में उतरी थीं, लेकिन मेडल इवेंट में वे उस प्रदर्शन को दोहरा नहीं पाईं।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags