एशियन गेम्स: भारतीय महिला हॉकी टीम ने सिंगापुर को 7-0 से रौंदा, सेमीफाइनल में साउथ कोरिया से मुकाबला तय
गिफू, 27 सितंबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को 'पूल-बी' के अपने आखिरी मैच में सिंगापुर को 7-0 से रौंदा। इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप स्टेज में अजेय रहते हुए अपना सफर पूरा किया। 'पूल-बी' में शीर्ष पर रहते हुए भारत ने सेमीफाइनल में स्थान पक्का कर लिया है, जहां उसका मुकाबला साउथ कोरिया से होगा।
गिफू प्रीफेक्चुरल ग्रीन स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत का दबदबा रहा और टीम ने 64 प्रतिशत समय तक गेंद अपने कब्जे में रखी। इस दौरान भारतीय टीम को 28 पेनाल्टी कॉर्नर मिले। इस मुकाबले में भारत की पांच खिलाड़ियों ने एक-एक गोल किए, जबकि सुनेलिता टोप्पो ने दो गोल दागे।
हालांकि, कई मौके बनाने और कई पेनाल्टी कॉर्नर हासिल करने के बावजूद भारतीय टीम पहले क्वार्टर में कोई गोल नहीं दाग सकी। सिंगापुर की गोलकीपर फेलिसा लाई और उनकी डिफेंस ने शुरुआती 15 मिनट तक भारतीय हमलों को रोके रखा। आखिरकार, दूसरे क्वार्टर में भारत को सफलता मिल गई। कप्तान सलीमा टेटे ने फील्ड गोल करके टीम का खाता खोला।
भारत ने जल्द ही अपनी बढ़त को और मजबूत किया। सुनेलिता टोप्पो ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील करते हुए स्कोर 2-0 कर दिया, जिसके कुछ ही देर बाद टोप्पो ने फिर गोल किया। इसके बाद लालरेम्सियामी और ऋतुजा पिसल ने भी गोल दागे, जिससे भारत ने 'हाफ-टाइम' तक 5-0 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली।
ब्रेक के बाद भी भारतीय टीम का दबदबा कायम रहा। तीसरे क्वार्टर में निक्की प्रधान ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत की बढ़त को 6-0 कर दिया। सिंगापुर भारत के लगातार दबाव का सामना करने में संघर्ष करता रहा, जबकि भारतीय डिफेंस ने विपक्षी टीम को कोई बड़ा खतरा पैदा नहीं करने दिया।
अंतिम क्वार्टर में दीपिका ने पेनाल्टी कॉर्नर पर शानदार ड्रैग-फ्लिक करते हुए गेंद को गोल के निचले दाएं कोने में पहुंचाया और भारत का स्कोर 7-0 करते हुए टीम की जीत सुनिश्चित की।
--आईएएनएस
आरएसजी

