Samachar Nama
×

एशियन गेम्स 2026: स्क्वैश में भारत की शानदार शुरुआत, क्वार्टर फाइनल मैच में आमने-सामने होंगी अनाहत और तन्वी

नागोया, 24 सितंबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 में गुरुवार का दिन स्क्वॉश कोर्ट पर भारत के लिए दिन अच्छा रहा, जिसमें छह खिलाड़ी सिंगल्स और मिक्स्ड डबल्स मुकाबलों में क्वार्टर-फाइनल तक पहुंचने में सफल रहे हैं।

नागोया, 24 सितंबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 में गुरुवार का दिन स्क्वॉश कोर्ट पर भारत के लिए दिन अच्छा रहा, जिसमें छह खिलाड़ी सिंगल्स और मिक्स्ड डबल्स मुकाबलों में क्वार्टर-फाइनल तक पहुंचने में सफल रहे हैं।

दिन का सबसे अहम पल महिला सिंगल्स में देखने को मिला, जहां अनाहत सिंह और तन्वी खन्ना ने अंतिम आठ में अपनी जगह पक्की की। यह दोनों खिलाड़ी अब क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भिड़ेंगी। वर्ल्ड कप विजेता और तीसरी वरीयता प्राप्त अनाहत ने सिंगापुर की औ योंग वाई लिन को 3-0 (11-4, 11-5, 11-7) हराने में सिर्फ 19 मिनट लिए।

इस युवा खिलाड़ी ने शुरू से ही मुकाबले पर अपना दबदबा बनाए रखा और अपनी प्रतिद्वंद्वी को जमने का मौका नहीं दिया।

वहीं, तन्वी को सिंगापुर की ही एक और खिलाड़ी औ योंग वाई यैन के खिलाफ कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। पहला गेम 5-11 से हारने के बाद, उन्होंने जबरदस्त वापसी की और अगले तीन गेम 11-4, 11-5, 13-11 से जीतकर 3-1 से जीत हासिल की। इस नतीजे का मतलब है कि अब ये दोनों भारतीय खिलाड़ी सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए एक-दूसरे का सामना करेंगी।

भारत के दो खिलाड़ियों ने पुरुष सिंगल्स के क्वार्टर-फाइनल में भी जगह बना ली है। अभय सिंह ने श्रीलंका के रविंदु लक्सिरी के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 25 मिनट में 3-0 से जीत दर्ज की। उन्होंने यह मुकाबला 11-5, 11-6, 11-0 से जीता और अब उनका सामना जापान के र्युनोसुके सुकुए से होगा।

दूसरी ओर, वीर चोत्रानी को मलेशिया के संजय जीवा के खिलाफ एक लंबे और कड़े मुकाबले का सामना करना पड़ा। शुरुआती चार गेम बराबर रहने के बाद, वीर ने निर्णायक गेम में संयम बनाए रखा और एक घंटे नौ मिनट तक चले मुकाबले में 3-2 (11-9, 8-11, 11-6, 15-17, 11-6) से जीत हासिल की। ​​क्वार्टर-फाइनल में उनका सामना पाकिस्तान के इरफान मुहम्मद से होगा। मिक्स्ड डबल्स ड्रॉ में भी भारत ने आगे कदम बढ़ाया। अनुभवी जोड़ी जोशना चिनप्पा और वेलवन सेंथिलकुमार ने अपने ही देश के खिलाड़ियों सूरज चंद और शमीना रियाज को 2-0 (11-7, 11-10) से हराया।

पहला गेम जीतने के बाद जोशना और वेलवन का खेल पर कंट्रोल दिखा, लेकिन दूसरा गेम काफी कड़ा रहा। सूरज और शमीना ने 7-9 से वापसी करते हुए स्कोर 9-9 से बराबर किया, लेकिन अनुभवी जोड़ी ने गेम 11-10 से अपने नाम कर लिया। एशियन चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली भारतीय जोड़ी शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल में फिलीपींस के डेविड पेलिनो और जेमिका अरिबाडो का सामना करेगी। सभी चार भारतीय सिंगल्स खिलाड़ियों और मिक्स्ड डबल्स जोड़ी के अंतिम आठ में पहुंचने के साथ भारत ने आइची-नागोया में अपने स्क्वैश अभियान की मजबूत शुरुआत की है।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम

Share this story

Tags