Samachar Nama
×

Asian Games 2026: दक्षिण कोरिया के मैच में बजा उत्तर कोरिया का राष्ट्रगान, खिलाड़ियों में दिखी हैरानी
 

Asian Games 2026: दक्षिण कोरिया के मैच में बजा उत्तर कोरिया का राष्ट्रगान, खिलाड़ियों में दिखी हैरानी

जापान में शुरू हुए एशियन गेम्स 2026 में आधिकारिक उद्घाटन से पहले ही एक अप्रत्याशित घटना सामने आई है. 18 सितंबर को दक्षिण कोरिया और बांग्लादेश के बीच पुरुष हॉकी मुकाबले से पहले दक्षिण कोरिया के राष्ट्रगान की जगह गलती से उत्तर कोरिया का राष्ट्रगान बजा दिया गया. इससे मैदान पर मौजूद दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी कुछ देर के लिए असमंजस में नजर आए. आयोजकों ने बाद में गलती सुधारते हुए सही राष्ट्रगान बजाया और स्टेडियम अनाउंसर ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी. 
राष्ट्रगान बजते ही हैरान हुए दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी
गिफू के काकामिगाहारा ग्रीन स्टेडियम में दक्षिण कोरिया और बांग्लादेश का हॉकी मुकाबला होना था. मैच से पहले दोनों टीमों के राष्ट्रगान बजाए जाने थे. दक्षिण कोरिया के राष्ट्रगान की घोषणा के बाद अचानक उत्तर कोरिया का राष्ट्रगान बजने लगा.
दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी मैदान पर खड़े रहे और उन्हें समझ नहीं आया कि क्या प्रतिक्रिया दें. कुछ खिलाड़ियों ने हैरानी जताई, जबकि कुछ हाथ सीने पर रखकर खड़े रहे. बाद में आयोजकों ने गलती को महसूस किया और सही प्रक्रिया के तहत पहले बांग्लादेश तथा फिर दक्षिण कोरिया का राष्ट्रगान बजाया. 
अनाउंसर ने मांगी माफी, मैच में भी हुई देरी
घटना के बाद स्टेडियम अनाउंसर ने माफी मांगते हुए कहा कि दक्षिण कोरिया के राष्ट्रगान की जगह गलती से किसी दूसरे देश का गाना बज गया. आयोजकों की इस गलती के कारण मैच शुरू होने की प्रक्रिया में भी देरी हुई.
रिपोर्टों के मुताबिक, समय की कमी को देखते हुए रेफरी ने खिलाड़ियों को राष्ट्रगान पूरा होने से पहले ही आपस में अभिवादन करने और मुकाबले की तैयारी करने के लिए कहा. 


दक्षिण कोरिया ने दर्ज कराया आधिकारिक विरोध
दक्षिण कोरिया की Korean Sport & Olympic Committee (KSOC) ने इस घटना को लेकर एशियन गेम्स आयोजन समिति के सामने आधिकारिक विरोध दर्ज कराया है. समिति ने घटना की औपचारिक जांच और भविष्य में इस तरह की गलती दोबारा न होने की मांग के साथ आधिकारिक माफी की भी मांग की. 
यह मामला इसलिए भी संवेदनशील है क्योंकि उत्तर और दक्षिण कोरिया के बीच लंबे समय से राजनीतिक और सैन्य तनाव रहा है. 1950-53 के कोरियाई युद्ध के बाद दोनों देशों के बीच पूर्ण शांति संधि नहीं हुई थी. दक्षिण कोरिया में उत्तर कोरिया के राष्ट्रगान और कुछ संबंधित प्रतीकों को लेकर कानूनी प्रतिबंध भी हैं. 
दक्षिण कोरिया ने बांग्लादेश को 5-0 से हराया
विवाद के बीच मुकाबले में दक्षिण कोरियाई टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और बांग्लादेश को 5-0 से हरा दिया. पुरुष हॉकी प्रतियोगिता के ग्रुप ए में दक्षिण कोरिया और बांग्लादेश के अलावा भारत, इंडोनेशिया, जापान और श्रीलंका भी शामिल हैं. 
एशियन गेम्स का आधिकारिक उद्घाटन 19 सितंबर को होना है, जबकि हॉकी समेत कुछ खेलों की प्रतियोगिताएं पहले ही शुरू कर दी गई हैं. 
 

Share this story

Tags