Samachar Nama
×

एशियन गेम्स 2026: ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर राष्ट्रपति ने दी भारतीय महिला स्क्वैश टीम को बधाई

नई दिल्ली, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला स्क्वैश टीम ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। हालांकि, टीम को सेमीफाइनल मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भारतीय टीम को इस खास उपलब्धि के लिए बधाई दी है।

नई दिल्ली, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला स्क्वैश टीम ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। हालांकि, टीम को सेमीफाइनल मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भारतीय टीम को इस खास उपलब्धि के लिए बधाई दी है।

राष्ट्रपति ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "मैं एशियन गेम्स 2026 में स्क्वैश के महिला टीम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर अनाहत सिंह, तन्वी खन्ना, जोशना चिनप्पा और शमीना रियाज को बधाई देती हूं। आपकी सामूहिक कोशिशों से भारत को स्क्वैश में एक और मेडल मिला है। मैं इस उपलब्धि के लिए टीम की प्रशंसा करती हूं।"

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी भारतीय महिला स्क्वैश टीम को बधाई देते हुए लिखा, "भारतीय स्क्वैश के लिए गर्व का पल। एशियन गेम्स 2026 में महिला टीम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर अनाहत सिंह, जोशना चिनप्पा और तन्वी खन्ना को बधाई। उनके साहस, संयम और लड़ने के जज्बे ने एक बार फिर तिरंगे का मान बढ़ाया है। उनका प्रदर्शन भारतीय स्क्वैश खिलाड़ियों की नई पीढ़ी को बड़े सपने देखने और बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा। पूरी टीम को आगे भी ऐसी ही सफलता मिलती रहे, इसके लिए मेरी शुभकामनाएं।"

केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए लिखा, "एशियन गेम्स 2026 में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर भारतीय महिला स्क्वैश टीम को बधाई।"

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने अनाहत सिंह, तन्वी खन्ना और जोशना चिनप्पा को बधाई देते हुए 'एक्स' पर लिखा, "भारत के लिए एक और पोडियम फिनिश। तन्वी खन्ना, अनाहत सिंह और जोशना चिनप्पा की भारतीय महिला स्क्वैश टीम ने हांगकांग के खिलाफ कड़े सेमीफाइनल मुकाबले के बाद एशियन गेम्स 2026 में ब्रॉन्ज मेडल जीता है। एशियन गेम्स में महिला टीम इवेंट में भारत का यह लगातार दूसरा ब्रॉन्ज मेडल है। पूरी टीम का शानदार प्रदर्शन।"

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय महिला टीम को बधाई देते हुए लिखा, "स्क्वैश में भारत के लिए एक और मेडल। एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं की टीम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर अनाहत सिंह, जोशना चिनप्पा और तन्वी खन्ना को बधाई। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में हांगकांग के खिलाफ जबरदस्त मुकाबला किया और पोडियम पर अपनी जगह बनाकर अपने अभियान का शानदार समापन किया। भारतीय स्क्वैश टीम का बेहतरीन प्रदर्शन। जय हिंद।"

सेमीफाइनल में अनाहत सिंह ने शानदार शुरुआत करते हुए चान सिन युक के खिलाफ पहले दो गेम जीत लिए। उन्होंने पहला गेम 11-9 और दूसरा गेम 11-8 से अपने नाम किया। हालांकि, इसके बाद चान सिन युक ने जोरदार वापसी की और लगातार तीन गेम जीतकर मैच अपने नाम कर लिया। चान सिन युक ने तीसरा गेम 11-6, चौथा गेम 13-11 और पांचवां गेम 12-10 से जीता। इस जीत के साथ हांगकांग ने मुकाबले में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।

इसके बाद तन्वी खन्ना ने भारत की वापसी कराई। उनसे ऊंची रैंकिंग वाली ली का यी के खिलाफ तन्वी पहला गेम 4-11 से हार गई थीं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। तन्वी ने शानदार खेल दिखाते हुए अगले तीन गेम 13-11, 11-9 और 13-11 से जीतकर मैच अपने नाम किया और स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

निर्णायक मुकाबले में जोशना चिनप्पा को हो त्जे लोक के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। हो त्जे लोक ने पहला गेम 11-4 और दूसरा गेम 11-7 से जीता। तीसरे गेम में भी उन्होंने दबदबा बनाए रखा और 11-9 से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ सेमीफाइनल मैच को अपने नाम करते हुए हांगकांग ने फाइनल में जगह बनाई।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम

Share this story

Tags