Asian Games-2023 सात्विक-चिराग ने बैडमिंटन में भारत के लिए पहला स्वर्ण जीता
स्पोर्टस न्यूज डेस्क !!! सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने शनिवार को हांगझोउ में एशियाई खेलों में बैडमिंटन में भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता। भारतीय जोड़ी स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय पुरुष युगल जोड़ी भी बन गई, जब उन्होंने कोरिया गणराज्य की जोड़ी चोई सोलग्यू और किम वोन्हो को सीधे गेमों में 21-18, 21-16 से हराकर भारतीय बैडमिंटन के लिए एक नए युग की शुरुआत की।
शुक्रवार को एशियन गेम्स के पुरुष युगल बैडमिंटन फाइनल में प्रवेश करने वाली चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी की पहली भारतीय जोड़ी ने स्वर्ण पदक अपने नाम कर इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया। आपको बता दें कि इससे पहले भारत ने एशियाई खेलों की बैडमिंटन प्रतियोगिता में कभी स्वर्ण पदक नहीं जीता था। पीवी सिंधु ने जकार्ता 2018 एशियन गेम्स में महिला एकल स्पर्धा में रजत पदक जीता था, जो सात्विक-चिराग के स्वर्ण पदक जीतने से पहले भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था।
पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के हांगझोऊ में एशियाई खेल 2023 बैडमिंटन के पुरुष युगल स्पर्धा में विश्व रैंकिंग में दुनिया की तीसरे नंबर की भारतीय जोड़ी ने दक्षिण कोरियाई जोड़ी को 56 मिनट का समय लेकर 21-18, 21-16 से हराया। हांगझोऊ के बिनजियांग जिम्नेजियम के कोर्ट 1 पर शीर्ष भारतीय पुरुष जोड़ी ने बढ़त के साथ मैच की शुरुआत की। हालांकि, चोई और किम ने भारत के खिलाड़ियों को टक्कर दी और ब्रेक तक 11-9 की बढ़त हासिल कर ली। ब्रेक के बाद सात्विक और चिराग ने कुछ अच्छे ड्रॉप शॉट, स्मैश और बैकहैंड शॉट लगाते हुए कोरियाई जोड़ी पर दबाव बनाने की कोशिश की लेकिन चोई और किम ने लगातार अपनी बढ़त बनाए रखी।
18-18 से स्कोर को बराबर करने के बाद भारतीय जोड़ी ने लगातार तीन अंक हासिल किए और लगभग पूरे गेम में पीछे चल रहे सात्विक और चिराग की जोड़ी ने पहला गेम 29 मिनट का समय लेकर 21-18 से अपने नाम किया। दूसरा गेम भी बेहद रोमांचक रहा और दोनों ही टीमों ने लगातार बेहतरीन प्रयास किए लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने विरोधी जोड़ी के ख़िलाफ़ ब्रेक तक 11-8 की बढ़त बनाए रखी। भारतीय जोड़ी ने इसके बाद लगातार कई शानदार शॉट लगाते हुए विरोधी टीम को ग़लती करने के लिए मज़बूर किया। चोई सोल्ग्यू और किम वोन्हू ने ब्रेक के बाद अपने स्कोर में 8 अंक का इज़ाफ़ा ज़रूर किया लेकिन सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने भारत को ऐतिहासिक स्वर्ण पदक दिलाने के लिए दूसरे गेम को 21-16 से जीत लिया। आपको बता दें एशियन गेम्स 2023 में इससे पहले भारतीय पुरुष टीम ने रजत और एचएस प्रणॉय ने पुरुष एकल का कांस्य पदक अपने नाम किया था।
--आईएएनएस
आरआर

