Samachar Nama
×

अर्जेंटीना फुटबॉल टीम ने हमें गुमराह किया: केरल के खेल मंत्री वी. अब्दुरहीमान

कोच्चि, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। केरल के खेल मंत्री वी. अब्दुरहीमान ने गुरुवार को आरोप लगाया कि लियोनेल मेसी की कप्तानी वाली अर्जेंटीना फुटबॉल टीम ने बड़े वित्तीय प्रतिबद्धता के बावजूद मैत्री मैच का सम्मान न करके राज्य को गुमराह किया।
अर्जेंटीना फुटबॉल टीम ने हमें गुमराह किया: केरल के खेल मंत्री वी. अब्दुरहीमान

कोच्चि, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। केरल के खेल मंत्री वी. अब्दुरहीमान ने गुरुवार को आरोप लगाया कि लियोनेल मेसी की कप्तानी वाली अर्जेंटीना फुटबॉल टीम ने बड़े वित्तीय प्रतिबद्धता के बावजूद मैत्री मैच का सम्मान न करके राज्य को गुमराह किया।

अब्दुरहीमान ने मलप्पुरम में पत्रकारों से कहा, "अंतरराष्ट्रीय टीम के लिए जरूरी 250 करोड़ रुपये के लिए स्पॉन्सर ढूंढना एक बहुत बड़ा काम था। हमने अच्छी तरह बातचीत की और लियोनेल मेसी और वर्ल्ड चैंपियन को केरल लाने की पूरी कोशिश की, लेकिन हमारी योजना सफल नहीं रही, जो बेहद निराशाजनक है।"

इस मामले पर तब बड़ा विवाद खड़ा हो गया था, जब विपक्षी कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट ने डील में पारदर्शिता पर सवाल उठाए थे। पिछले साल अक्टूबर में, अर्जेंटीना के भारत दौरे को लेकर अनिश्चितता ने एक नया मोड़ ले लिया, जब स्पॉन्सर्स ने बताया कि मेसी और उनकी टीम नवंबर में केरल नहीं आएगी।

यह सफाई अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन के इस ऐलान के बाद आई कि नेशनल टीम उस दौरान सिर्फ अंगोला में खेलेगी। इस घटना ने फैंस के उत्साह को कम कर दिया, क्योंकि केरल सरकार और निजी स्पॉन्सर दोनों ने पहले ही 17 नवंबर को कोच्चि में एक हाई-प्रोफाइल मैत्री मैच का ऐलान कर दिया था।

अर्जेंटीना मीडिया के मुताबिक, "अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (एएफए) के अधिकारियों ने मैच स्थगित होने की वजह केरल की तैयारी की कमी और तय टाइमलाइन के अंदर लॉजिस्टिक इंतजाम में देरी को बताया।"

राज्य की विपक्षी पार्टी कांग्रेस के नेताओं ने सरकार पर आरोप लगाया था कि एएफए से बिना किसी आधिकारिक सूचना के ही इवेंट की घोषणा कर दी गई थी।

हालांकि, पिछले साल नवंबर में, मंत्री अब्दुरहीमान ने ऐसी खबरों को खारिज कर दिया और कहा कि मेस्सी मार्च 2026 में भारत में खेलेंगे।

उन्होंने तब कहा था, "दो दिन पहले, हमें एएफए टीम से एक ईमेल मिला जिसमें मार्च में उनके केरल दौरे की पुष्टि की गई थी।"

उन्होंने यह भी कहा था कि कोच्चि के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में मैच पहले नवंबर में ही होने वाला था लेकिन संरचना में कमी की वजह से तब उसे टाल दिया गया था।

हालांकि 'गोट टूर 2025' के तहत मेसी 13 से 15 दिसंबर 2025 तक भारत की यात्रा पर थे। इस दौरान कोलकाता, दिल्ली, हैदराबाद और मुंबई में वह गए लेकिन केरल नहीं गए थे।

--आईएएनएस

पीएके

Share this story

Tags