एंटी-डोपिंग नियम तोड़ने पर भारतीय कबड्डी खिलाड़ी बृजेंद्र चौधरी पर कार्रवाई
नई दिल्ली, 8 सितंबर (आईएएनएस)। इंटरनेशनल टेस्टिंग एजेंसी (आईटीए) ने सान्या में हुए छठे एशियन बीच गेम्स में ब्रिंजोलैमाइड के लिए पॉजिटिव पाए जाने के बाद भारतीय कबड्डी खिलाड़ी बृजेंद्र सिंह चौधरी पर एंटी-डोपिंग नियम तोड़ने के लिए कार्रवाई की है। आईटीए ने यह जानकारी मंगलवार को दी।
बृजेंद्र चौधरी का यूरिन सैंपल 27 अप्रैल 2026 को एशियन बीच गेम्स के दौरान कॉम्पिटिशन के समय डोपिंग कंट्रोल के लिए लिया गया था। सैंपल में ब्रिंजोलैमाइड के लिए 'एडवर्स एनालिटिकल फाइंडिंग' (नकारात्मक परिणाम) मिली, जो वर्ल्ड एंटी-डोपिंग एजेंसी (वाडा) की लिस्ट में प्रतिबंधित पदार्थ है।
ब्रिंजोलैमाइड को वाडा की प्रतिबंधित लिस्ट में एक 'स्पेसिफाइड सब्सटेंस' (खास पदार्थ) के तौर पर वर्गीकृत किया गया है और यह डाइयूरेटिक्स और मास्किंग एजेंट की एस5 कैटेगरी में आता है। यह प्रतियोगिता के दौरान और उसके बाहर, दोनों समय प्रतिबंधित है।
एथलीट ने एंटी-डोपिंग नियम तोड़ने और ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (ओसीए) के एंटी-डोपिंग नियमों के तहत लगाए गए नतीजों को स्वीकार कर लिया। नतीजतन, एशियन बीच गेम्स में उनके व्यक्तिगत नतीजों को अयोग्य घोषित कर दिया गया है, जिसमें पुरुषों के बीच कबड्डी इवेंट में उनका दूसरा स्थान भी शामिल है।
चौधरी सान्या गेम्स में भारत की 6 सदस्यीय पुरुष कबड्डी टीम का हिस्सा थे। टीम में जितेंद्र यादव, यथार्थ देशवाल, नीरज, जय भगवान और भानु प्रताप तोमर भी शामिल थे।
भारत सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 50-27 से हराकर पुरुषों के फाइनल में पहुंचा था। हालांकि, टीम गोल्ड मेडल के मुकाबले में ईरान को नहीं हरा सकी और 44-31 से हार गई। हाफ-टाइम में भारत 11-23 से पीछे था और दूसरे हाफ में वापसी नहीं कर सका, जिससे ईरान ने गोल्ड मेडल जीत लिया। एशियन बीच गेम्स में पुरुषों की बीच कबड्डी में भारत का यह लगातार दूसरा सिल्वर मेडल था; इससे पहले पिछले एडिशन में भी टीम रनर-अप रही थी।
आईटीए ने लागू एंटी-डोपिंग नियमों के अनुसार ओसीए की ओर से यह कार्रवाई की। अब इस मामले को इंटरनेशनल कबड्डी फेडरेशन को भेजा जाएगा, ताकि वे अपने नियमों के तहत आगे के नतीजों पर फैसला ले सकें। आईटीए ने कहा कि ओसीए के नजरिए से मामला सुलझा लिया गया है। जिन पक्षों को अपील करने का अधिकार है, वे ओसी के एंटी-डोपिंग नियमों के तहत 'कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट' (सीएएस) में इस फैसले को चुनौती दे सकते हैं।
इस बीच, भारत की महिला कबड्डी टीम ने सान्या में फाइनल में श्रीलंका को 47-31 से हराकर गोल्ड मेडल जीता। इस जीत के साथ ही महिला कबड्डी में लगातार छह एशियन बीच गेम्स का खिताब जीतने का भारत का सिलसिला जारी रहा।
--आईएएनएस
आरएसजी

