आंध्र ओपन गोल्फ: दूसरे दिन खलिन जोशी ने हासिल की बढ़त
विशाखापत्तनम, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। आंध्र ओपन गोल्फ चैंपियनशिप 2026 के दूसरे राउंड के बाद, खलिन जोशी ने लगातार दूसरा तीन-अंडर 68 का स्कोर बनाकर 6-अंडर 136 के कुल स्कोर के साथ बढ़त बना ली है। 1 करोड़ रुपए की इनामी राशि वाली यह चैंपियनशिप विशाखापत्तनम के ईस्ट प्वाइंट गोल्फ क्लब में खेली जा रही है।
बेंगलुरु के रहने वाले 33 वर्षीय पूर्व एशियन टूर विजेता खलिन जोशी ने बुधवार को पहले दिन के लीडर ध्रुव शेओरान से एक शॉट आगे हैं। ध्रुव ने एक-अंडर 70 का स्कोर किया और 5-अंडर 137 के कुल स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गए। डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पर 14 बार के विजेता चिक्कारंगप्पा एस. ने भी 70 का स्कोर किया और 4-अंडर 138 के कुल स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में खलिन जोशी (68-68) ने 'टी' से लेकर 'ग्रीन' तक लगातार अच्छा प्रदर्शन किया और बढ़त हासिल की। खलिन ने चार बर्डी और आखिरी होल पर एक बोगी बनाई।
खलिन ने कहा, "मेरा दिन काफी अच्छा रहा। 'टी' से लेकर 'ग्रीन' तक, मैंने गेंद को बहुत अच्छे से हिट किया। हवा चल रही थी, लेकिन कुल मिलाकर, मैं अपनी गेंद हिट करने की क्षमता से खुश हूं और अब मैं वीकेंड के मुकाबलों का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। सबसे बड़ी चुनौती हवा की दिशा में हो रहे लगातार बदलाव से निपटना था। मुझे लगता है कि मैंने इन परिस्थितियों का सामना बहुत अच्छे से किया।"
पार-5 वाले सातवें होल को अब 477 गज के पार-4 होल में बदल दिया गया है, जिससे पूरे कोर्स का पार स्कोर घटकर 71 हो गया है।
ध्रुव श्योराण (67-70) ने राउंड की शुरुआत ईगल के साथ की और 12 होल तक तीन शॉट की बढ़त बना ली थी, जिससे लग रहा था कि वह अपनी लीड को और मजबूत करेंगे, लेकिन 16वें और 17वें होल पर लगातार बोगी करने से वह फिसलकर दूसरे स्थान पर आ गए।
विराज मडप्पा, श्रीलंका के एन. थंगाराजा, चंडीगढ़ के तीन खिलाड़ी ब्रश्वरपाल सिंह, अक्षय शर्मा और मनजोत सिंह और दुबई में रहने वाले यश मजूमदार दो-अंडर 140 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर रहे। कट छह ओवर 148 पर लगा, जिसमें 130 में से 52 खिलाड़ी अंतिम दो राउंड के लिए क्वालिफाई करने में सफल रहे।
--आईएएनएस
आरएसजी

