ये है भारत के विश्वप्रसिद्ध शिव मंदिर जहाँ भक्तों की हर पुकार होती है स्वीकार, वीडियो में जानिए इनका दिव्य इतिहास और चमत्कार

हिंदू धर्म में देवों के देव महादेव को कल्याण का देवता माना जाता है। कहा जाता है कि शिव की पूजा करने से जीवन में चल रही सभी परेशानियां नष्ट हो जाती हैं। वहीं धार्मिक मान्यताओं के अनुसार जो भक्त एक बार शिव की शरण में आ जाते हैं, भोलेनाथ उनका उद्धार करते हैं। देश में भोलेनाथ के कई प्रसिद्ध मंदिर हैं, इनमें से कुछ 12 ज्योतिर्लिंगों में शामिल हैं। मान्यता है कि भगवान शिव के इन मंदिरों में दर्शन करने से सभी कष्ट दूर हो जाते हैं और भगवान उस पर अपनी कृपा बरसाते हैं। साथ ही कहा जाता है कि इन मंदिरों में दर्शन करने से व्यक्ति की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। ऐसे में आज हम आपको शिव के उन 5 प्रसिद्ध मंदिरों के बारे में बताएंगे जहां दर्शन करने से शिव का आशीर्वाद मिलता है। यहां जानिए भगवान शिव के 5 प्रसिद्ध मंदिर।
केदारनाथ मंदिर
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में स्थित केदारनाथ मंदिर को चार धामों में से एक माना जाता है। यह मंदिर भी 12 ज्योतिर्लिंगों में शामिल है। मान्यता है कि केदारनाथ के दर्शन किए बिना बद्रीनाथ की यात्रा पूरी नहीं होती है। हिमालय की ऊंची चोटियों के बीच स्थित यह मंदिर भक्तों को एक अलग आध्यात्मिक अनुभव देता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस मंदिर में दर्शन करने से भगवान शिव व्यक्ति की मनोकामनाएं पूरी करते हैं।
सोमनाथ मंदिर
गुजरात के काठियावाड़ में समुद्र तट पर स्थित सोमनाथ मंदिर अपनी भव्यता के लिए जाना जाता है। यह मंदिर 12 ज्योतिर्लिंगों में भी शामिल है। कहा जाता है कि यहां चंद्र देव ने भगवान शिव की तपस्या की थी, इसलिए इस स्थान का नाम सोमनाथ पड़ा। यह मंदिर न केवल धार्मिक बल्कि ऐतिहासिक दृष्टि से भी बेहद खास है। मान्यता है कि इस मंदिर में दर्शन करने से जीवन के दुख-दर्द और सभी रोग दूर हो जाते हैं।
त्र्यंबकेश्वर मंदिर
महाराष्ट्र के नासिक में गोदावरी नदी के तट पर स्थित त्र्यंबकेश्वर मंदिर शिव भक्तों के लिए बेहद खास स्थान है। यहां का वातावरण और मंदिर की संरचना देखने लायक है। यह मंदिर काले पत्थरों से बना है और कहा जाता है कि यहां आने वाला कोई भी भक्त खाली हाथ नहीं लौटता।
दक्षेश्वर शिव मंदिर
हरिद्वार के पास स्थित दक्षेश्वर शिव मंदिर का भी अपना अलग महत्व है। मान्यता है कि यहां शिवलिंग का अभिषेक करने से कई गुना अधिक पुण्य मिलता है। यह मंदिर भक्तों के बीच काफी प्रसिद्ध है और हर साल लाखों लोग यहां दर्शन करने आते हैं।
अमरनाथ मंदिर
जम्मू-कश्मीर में स्थित अमरनाथ मंदिर प्राकृतिक बर्फ से बने शिवलिंग के लिए जाना जाता है। यह मंदिर एक गुफा में है, जहां हर साल आषाढ़ पूर्णिमा से रक्षाबंधन तक श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं। बर्फ का शिवलिंग करीब 10 फीट ऊंचा है, जो हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचता है।