Samachar Nama
×

घर पर ही मिलेगा रेस्टोरेंट जैसा स्वाद! शेफ रणवीर ब्रार से सीखें एकदम परफेक्ट 'लहसुनी पनीर' बनाने की रेसिपी

घर पर ही मिलेगा रेस्टोरेंट जैसा स्वाद! शेफ रणवीर ब्रार से सीखें एकदम परफेक्ट 'लहसुनी पनीर' बनाने की रेसिपी

पनीर से बनने वाली डिशेज हर उम्र के लोगों को पसंद आती हैं। पनीर का इस्तेमाल स्नैक्स से लेकर मेन कोर्स तक कई तरह की रेसिपी में किया जाता है। अगर आपको पनीर के साथ लहसुन का तेज और स्वादिष्ट फ्लेवर पसंद है, तो लहसुनी पनीर आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकता है।

इस डिश में पनीर को पुदीना, हरा धनिया, लहसुन और मसालों से तैयार की गई ग्रेवी में पकाया जाता है। खास बात यह है कि इसे घर पर आसानी से बनाया जा सकता है। आइए जानते हैं रेस्टोरेंट स्टाइल लहसुनी पनीर बनाने का तरीका।

लहसुनी पनीर बनाने के लिए सामग्री

हरे पेस्ट के लिए

  • 1 कप ताजा पुदीना पत्ती
  • 1 कप हरा धनिया
  • 10-12 लहसुन की कलियां
  • 1 हरी मिर्च
  • 1 इंच अदरक
  • स्वादानुसार नमक
  • 2 बड़े चम्मच फेंटा हुआ दही

पनीर की ग्रेवी के लिए

  • 2-3 बड़े चम्मच तेल
  • 1 चम्मच जीरा
  • ¼ चम्मच सौंफ
  • 1 तेज पत्ता
  • 7-8 लहसुन की कलियां
  • 1 बड़ा प्याज, बारीक कटा हुआ
  • स्वादानुसार नमक
  • ½ बड़ा चम्मच कुटा हुआ धनिया
  • 2 हरी मिर्च
  • तैयार किया हुआ हरा पेस्ट
  • 800 ग्राम पनीर, टुकड़ों में कटा हुआ
  • 1 चम्मच कुटी हुई काली मिर्च
  • 1 चम्मच नींबू का रस

लहसुनी पनीर बनाने की विधि

1. तैयार करें हरा पेस्ट

सबसे पहले एक बर्तन में पुदीना, हरा धनिया, लहसुन, हरी मिर्च, अदरक, नमक और फेंटा हुआ दही डालें। सभी चीजों को मिक्सर में डालकर अच्छी तरह पीस लें। इसका मुलायम पेस्ट तैयार कर लें और अलग रख दें।

2. मसालों का तड़का लगाएं

अब गैस पर कड़ाही रखें और उसमें तेल गर्म करें। तेल गर्म होने के बाद जीरा, सौंफ और तेज पत्ता डालकर चटकने दें। इसके बाद बारीक कटा या कद्दूकस किया हुआ लहसुन डालें।

जब लहसुन हल्का सुनहरा हो जाए तो इसमें बारीक कटा प्याज डालें और 2-4 मिनट तक भूनें। प्याज का रंग हल्का गोल्डन ब्राउन होने तक इसे पकाएं।

3. तैयार करें ग्रेवी

अब कड़ाही में धनिया, हरी मिर्च और स्वादानुसार नमक डालें। मसालों को कुछ देर अच्छी तरह भूनने के बाद तैयार किया हुआ हरा पेस्ट डाल दें।

पेस्ट को करीब 7-8 मिनट तक मध्यम आंच पर पकाएं। जब ग्रेवी अच्छी तरह पक जाए और किनारों से तेल अलग दिखाई देने लगे, तो समझें कि मसाला तैयार है।

4. पनीर मिलाकर करें फाइनल टच

अब तैयार ग्रेवी में पनीर के टुकड़े डालें। आप चाहें तो पनीर को हल्का फ्राई करके डाल सकते हैं या फिर सीधे भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

पनीर को ग्रेवी के साथ अच्छी तरह मिलाएं और कुछ मिनट पकने दें। आखिर में कुटी हुई काली मिर्च और नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिक्स करें।

तैयार लहसुनी पनीर को सर्विंग बाउल में निकालें। ऊपर से कसूरी मेथी, तली हुई हरी मिर्च, धनिया पत्ती और नींबू के टुकड़े से गार्निश करें।

गरमा-गरम लहसुनी पनीर को रोटी, नान या पराठे के साथ सर्व करें।

Share this story

Tags