केक, आइसक्रीम, फालूदा और मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाली रंग-बिरंगी टूटी-फ्रूटी बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आती है। ज्यादातर लोग मानते हैं कि टूटी-फ्रूटी किसी खास फल या बाजार में मिलने वाली कैंडी से बनती है, लेकिन असल में इसे एक कच्चे फल से तैयार किया जाता है।
अगर आप भी घर पर हेल्दी और स्वादिष्ट टूटी-फ्रूटी बनाना चाहते हैं, तो इसे कच्चे पपीते से आसानी से तैयार किया जा सकता है। खास बात यह है कि घर की बनी टूटी-फ्रूटी बाजार वाली तुलना में ज्यादा फ्रेश और बिना ज्यादा प्रिजर्वेटिव वाली होती है।
क्यों इस्तेमाल होता है कच्चा पपीता?
कच्चे Papaya का स्वाद हल्का होता है और इसकी बनावट सख्त रहती है, जिससे इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर आसानी से टूटी-फ्रूटी में बदला जा सकता है। यही वजह है कि पारंपरिक तौर पर टूटी-फ्रूटी बनाने में कच्चे पपीते का इस्तेमाल किया जाता है।
घर पर टूटी-फ्रूटी बनाने के लिए सामग्री
- 1 कच्चा पपीता
- 2 कप चीनी
- 3 कप पानी
- खाने वाले अलग-अलग रंग
- 1 छोटा चम्मच वनीला एसेंस (वैकल्पिक)
कैसे बनाएं रंग-बिरंगी टूटी-फ्रूटी?
पहला स्टेप
सबसे पहले कच्चे पपीते को छीलकर छोटे-छोटे क्यूब्स में काट लें। अब इन्हें पानी में हल्का उबाल लें ताकि वे थोड़े नरम हो जाएं।
दूसरा स्टेप
एक पैन में चीनी और पानी डालकर चाशनी तैयार करें। जब चाशनी तैयार हो जाए तो उसमें पपीते के टुकड़े डाल दें और कुछ मिनट तक पकाएं।
तीसरा स्टेप
अब पपीते के टुकड़ों को अलग-अलग बाउल में निकालकर उनमें खाने वाले रंग मिलाएं। चाहें तो अलग फ्लेवर के लिए थोड़ा वनीला एसेंस भी डाल सकते हैं।
चौथा स्टेप
इन टुकड़ों को कुछ घंटों तक सूखने दें। सूखने के बाद आपकी होममेड टूटी-फ्रूटी तैयार हो जाएगी।
किन चीजों में कर सकते हैं इस्तेमाल?
घर पर बनी टूटी-फ्रूटी का इस्तेमाल आप:
- केक
- कुकीज
- आइसक्रीम
- फालूदा
- मीठे ब्रेड
- डेजर्ट्स
में कर सकते हैं।
बच्चों को आएगी खूब पसंद
रंग-बिरंगी और मीठी टूटी-फ्रूटी बच्चों की फेवरेट होती है। अगर आप घर पर इसे बनाते हैं, तो स्वाद के साथ सफाई और क्वालिटी का भी भरोसा मिलता है।

