Samachar Nama
×

Moong Dal Breakfast Recipe: हरी मूंग दाल से बनाएं हाई-प्रोटीन और कुरकुरा नाश्ता, जानें वृंदा प्रजापति की रेसिपी

Moong Dal Breakfast Recipe: हरी मूंग दाल से बनाएं हाई-प्रोटीन और कुरकुरा नाश्ता, जानें वृंदा प्रजापति की रेसिपी

शाम के समय हल्की भूख लगते ही अगर आप चिप्स या तले-भुने स्नैक्स खाने लगते हैं, तो इस आदत को बदल सकते हैं। हरी और पीली मूंग दाल से तैयार होने वाला यह स्नैक स्वादिष्ट होने के साथ प्रोटीन का अच्छा स्रोत भी हो सकता है।इस रेसिपी में मूंग दाल को हरी मिर्च, लहसुन, धनिया और सूजी के साथ पीसकर छोटे-छोटे कॉइन्स की तरह तवे पर सेंका जाता है। बाद में राई, तिल और कड़ी पत्ते का तड़का लगाने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है।

दाल का बैटर तैयार करें

सबसे पहले हरी मूंग दाल और बिना छिलके वाली पीली मूंग दाल को कुछ देर भिगो लें। अब दोनों दालों को मिक्सर में डालें। इसमें हरी मिर्च, बारीक कटा लहसुन और हरा धनिया डालकर पीस लें।इसके बाद इसमें सूजी और स्वादानुसार नमक मिलाएं। जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा और चिकना बैटर तैयार करें। ध्यान रखें कि बैटर बहुत पतला न हो, वरना तवे पर कॉइन्स का आकार बनाना मुश्किल हो सकता है।

तवे पर बनाएं छोटे-छोटे कॉइन्स

तैयार बैटर को पाइपिंग बैग या साफ पॉलिथीन में भर लें। नॉन-स्टिक तवे पर थोड़ा तेल लगाकर उसे गर्म करें।अब पाइपिंग बैग से बैटर को तवे पर छोटे-छोटे सिक्के या बटन के आकार में डालें। इन्हें धीमी से मध्यम आंच पर पकने दें।जब एक तरफ से कॉइन्स हल्के सुनहरे और सेट हो जाएं, तो उन्हें पलट दें। दोनों तरफ से अच्छी तरह क्रिस्पी और सुनहरा होने तक सेंकें।

राई और तिल का तड़का लगाएं

अब एक छोटी कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें। इसमें राई, सफेद तिल और कड़ी पत्ता डालकर तड़का लगाएं।जब राई चटकने लगे और कड़ी पत्ते की खुशबू आने लगे, तो इसमें तैयार मूंग दाल कॉइन्स डाल दें। इन्हें अच्छी तरह मिलाएं, ताकि तड़का हर कॉइन पर अच्छी तरह लग जाए।

तैयार है हेल्दी और क्रिस्पी स्नैक

आखिर में ऊपर से थोड़ा हरा धनिया डालें और गरमा-गरम सर्व करें। आप इसे शाम की चाय के साथ या हल्की भूख लगने पर स्नैक के तौर पर खा सकते हैं।मूंग दाल और कम तेल में तैयार होने की वजह से यह तले-भुने पैकेज्ड स्नैक्स का एक स्वादिष्ट विकल्प हो सकता है। आप इसे अपनी पसंद की हरी चटनी या दही के साथ भी परोस सकते हैं।

Share this story

Tags