Moong Dal Batata Vada: बेसन-चना दाल को कहें बाय-बाय, पीली मूंग दाल से बनाएं इतना टेस्टी वड़ा कि बार-बार बनाएंगे
मुंबई के मशहूर स्ट्रीट फूड की बात हो और बटाटा वड़ा का नाम न आए, ऐसा भला कैसे हो सकता है। आमतौर पर बटाटा वड़ा बनाने के लिए बेसन का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन अगर आप बेसन से बना वड़ा नहीं खाना चाहते तो मूंग दाल से तैयार यह रेसिपी ट्राई कर सकते हैं।इसमें आलू की मसालेदार बॉल्स को बेसन की जगह मूंग दाल के बैटर में लपेटकर तला जाता है। इससे वड़ा बाहर से कुरकुरा और अंदर से नरम बनता है। आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।
सबसे पहले तैयार करें आलू का मसाला
इसके लिए उबले हुए मीडियम साइज के आलू लें। ठंडा होने के बाद इन्हें छीलकर अच्छी तरह मैश कर लें। ध्यान रखें कि आलू में बड़े टुकड़े या गांठ न रहें, ताकि वड़े की बॉल्स आसानी से बन सकें।अब 4 से 5 हरी मिर्च, कुछ लहसुन की कलियां, करीब 1 इंच अदरक और 1 छोटा चम्मच जीरा लें। इन्हें बिना पानी डाले मिक्सी में दरदरा पीस लें।
एक पैन में 1 से 2 बड़े चम्मच तेल गर्म करें। इसमें राई और करी पत्ते डालकर चटकाएं। इसके बाद तैयार हरा मसाला, एक चुटकी हींग, थोड़ी हल्दी और स्वादानुसार नमक डालकर करीब एक मिनट भूनें।अब इसमें मैश किए हुए आलू डालें और सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। आखिर में बारीक कटा हरा धनिया डालें और गैस बंद कर दें। इस मिश्रण को पूरी तरह ठंडा होने दें।
मूंग दाल से बनाएं वड़े का बैटर
अब बिना बेसन वाला बैटर तैयार करने की बारी है। इसके लिए धुली हुई मूंग दाल को करीब 2 से 3 घंटे पानी में भिगोकर रखें।दाल फूलने के बाद इसका पानी निकाल दें और इसे मिक्सी में डालकर 2 से 3 चम्मच पानी की मदद से बारीक और गाढ़ा पीस लें।
इस बैटर को एक बाउल में निकालें। इसमें नमक, थोड़ी हींग, हल्दी, थोड़ा बेकिंग पाउडर और करीब 1 चम्मच चावल का आटा डालें।अब बैटर को हाथ या चम्मच से लगातार 2 से 3 मिनट तक अच्छी तरह फेंटें। इससे बैटर हल्का और फूला हुआ हो जाता है और तलने के बाद वड़े की बाहरी परत ज्यादा कुरकुरी बन सकती है।
आलू की बॉल्स तैयार करें
ठंडे हो चुके आलू के मसाले को थोड़ा-थोड़ा लेकर हाथों से गोल आकार दें। इसी तरह सभी मसाले की मीडियम साइज बॉल्स बना लें।अब एक-एक आलू की बॉल को मूंग दाल के बैटर में डालें और अच्छी तरह घुमाएं, ताकि उसके ऊपर बैटर की बराबर परत चढ़ जाए।
अब वड़ों को करें फ्राई
कड़ाही में तेल गर्म करें और आंच को मध्यम रखें। तेल बहुत ज्यादा गर्म होने पर बैटर बाहर से जल्दी ब्राउन हो सकता है, जबकि अंदर की परत ठीक से नहीं पक पाएगी।अब बैटर में लिपटी आलू की बॉल्स को सावधानी से तेल में डालें। इन्हें मध्यम आंच पर धीरे-धीरे तलें और जरूरत के मुताबिक ऊपर से थोड़ा गर्म तेल डालते रहें।जब वड़े चारों तरफ से सुनहरे और कुरकुरे हो जाएं, तो उन्हें तेल से निकालकर कुछ देर के लिए रखें।
ऐसे करें सर्व
गरमा-गरम मूंग दाल बटाटा वड़े को हरी चटनी, मीठी इमली की चटनी या चाय के साथ सर्व किया जा सकता है।बेसन की जगह मूंग दाल से बना यह वड़ा स्वाद में एक अलग ट्विस्ट देता है। हालांकि, इसे कितना हल्का या आसानी से पचने वाला माना जाए, यह व्यक्ति की पाचन क्षमता और इस्तेमाल की गई सामग्री पर निर्भर कर सकता है।

