Samachar Nama
×

Lauki Recipe Variety: घर पर रखी लौकी से बनाएं एकदम बाजार जैसी क्रिस्पी कचौड़ी, नोट कर लें सिंपल होममेड रेसिपी

Lauki Recipe Variety: घर पर रखी लौकी से बनाएं एकदम बाजार जैसी क्रिस्पी कचौड़ी, नोट कर लें सिंपल होममेड रेसिपी

अगर आपके घर में लौकी का नाम सुनते ही बच्चे और बड़े नाक-मुंह बनाने लगते हैं, तो इस बार लौकी को बिल्कुल नए अंदाज में बनाकर देखिए। आमतौर पर लौकी की सब्जी, रायता या पराठा देखकर बच्चे खुश नहीं होते, लेकिन अगर इसी हेल्दी सब्जी से खस्ता और मसालेदार कचौड़ी बनाई जाए तो शायद खाने से कोई मना न करे।लौकी में पानी की मात्रा काफी होती है और इसे डाइट में शामिल करना सेहत के लिहाज से अच्छा माना जाता है। ऐसे में अगर आप लौकी को स्वादिष्ट तरीके से सर्व करना चाहती हैं, तो लौकी की खस्ता कचौड़ी एक बढ़िया ऑप्शन हो सकती है। इस रेसिपी को हाल ही में Suvidha Net Rasoi नाम के YouTube चैनल पर शेयर किया गया है।

लौकी की कचौड़ी बनाने के लिए सामग्री

  • 1 मीडियम आकार की कच्ची लौकी

  • 1 कप गेहूं का आटा

  • ¼ कप सूजी

  • ¼ कप बेसन

  • 1 छोटा चम्मच अजवाइन

  • थोड़ी सी कलौंजी और सफेद तिल

  • 1 छोटा चम्मच कुटी लाल मिर्च

  • ½ छोटा चम्मच हल्दी

  • ½ छोटा चम्मच गरम मसाला

  • 1 छोटा चम्मच चाट मसाला

  • थोड़ी सी कसूरी मेथी

  • बारीक कटा हरा धनिया

  • नमक स्वादानुसार

  • मोयन के लिए थोड़ा तेल

  • कचौड़ी तलने के लिए तेल

कैसे बनाएं खस्ता लौकी कचौड़ी?

1. लौकी तैयार करें
सबसे पहले लौकी को अच्छी तरह धोकर छील लें। ध्यान रखें कि इसमें मोटे और सख्त बीज न हों। अब लौकी को बारीक कद्दूकस कर लें।

2. लौकी का पानी निकालें
कद्दूकस की हुई लौकी में थोड़ा नमक डालकर करीब 2 मिनट के लिए रख दें। इसके बाद इसे हाथों से अच्छी तरह निचोड़कर अतिरिक्त पानी अलग कर लें।

3. आटा तैयार करें
एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा, सूजी और बेसन डालें। इसमें अजवाइन, कलौंजी, सफेद तिल, कुटी लाल मिर्च, हल्दी, गरम मसाला, चाट मसाला, कसूरी मेथी, हरा धनिया और नमक डालें। इसके बाद करीब 2 चम्मच तेल डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें।

4. लौकी मिलाकर आटा गूंथें
अब निचोड़ी हुई लौकी को आटे के मिश्रण में डालें। लौकी में मौजूद नमी की मदद से आटा गूंथें। जरूरत पड़ने पर ही थोड़ा पानी डालें। आटा न बहुत नरम रखें और न ही बहुत सख्त। इसे पूरी के आटे से थोड़ा टाइट रखें। गूंथे हुए आटे को करीब 5 मिनट के लिए ढककर रख दें।

5. कचौड़ियां बेलें
5 मिनट बाद आटे को एक बार फिर हल्का सा मसलकर चिकना कर लें। अब छोटी-छोटी लोइयां बनाएं। इन्हें सूखा आटा लगाकर पूरी से थोड़ा बड़ा और हल्का मोटा बेल लें।

6. कचौड़ी तलें
कड़ाही में तेल को मध्यम गर्म करें और एक-एक करके कचौड़ियां डालें। कचौड़ी जैसे ही तेल में ऊपर आने लगे, उसे हल्के हाथ से दबाएं। इससे कचौड़ी अच्छी तरह फूलने लगेगी। दोनों तरफ से सुनहरी और क्रिस्पी होने तक तल लें।

चटनी और अचार के साथ करें सर्व

बस तैयार है आपकी गरमा-गरम और खस्ता लौकी की कचौड़ी। इसे आप नाश्ते में चाय के साथ सर्व कर सकते हैं। बच्चों के टिफिन में भी यह एक अलग और स्वादिष्ट ऑप्शन हो सकता है। इसके अलावा सफर के लिए भी इसे पैक किया जा सकता है।आप इसे हरी चटनी, मीठी चटनी, अचार या अपनी पसंद की किसी भी डिप के साथ सर्व कर सकते हैं। इस तरह रोज की साधारण लौकी को एक मजेदार और स्वादिष्ट डिश में बदला जा सकता है।

Share this story

Tags