Samachar Nama
×

Green Chilli Pickle Recipe: 5 मिनट में चटपटा हरी मिर्च का अचार, 1 सीक्रेट ट्रिक से सालों नहीं होगा खराब

Green Chilli Pickle Recipe: 5 मिनट में चटपटा हरी मिर्च का अचार, 1 सीक्रेट ट्रिक से सालों नहीं होगा खराब

भारतीय खाने की थाली में अचार की अपनी खास जगह है। दाल-चावल हो, रोटी-सब्जी या फिर गरमा-गरम पराठे, एक चम्मच अचार पूरे खाने का स्वाद बढ़ा देता है। खासकर हरी मिर्च का खट्टा-तीखा अचार खाने के शौकीनों को खूब पसंद आता है।

अगर आपको भी खाने के साथ तीखा और चटपटा अचार पसंद है, तो घर पर हरी मिर्च का अचार आसानी से तैयार कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए कुछ साधारण मसालों की जरूरत होती है। सही तरीके से तैयार किया गया यह अचार कई दिनों तक स्वादिष्ट बना रह सकता है।

हरी मिर्च का अचार बनाने के लिए सामग्री

  • 250 ग्राम हरी मिर्च
  • 2 चम्मच अमचूर पाउडर या 2 बड़े नींबू का रस
  • 2 चम्मच दरदरी पिसी पीली राई
  • 2 चम्मच दरदरी पिसी सौंफ
  • 1 चम्मच हल्का भुना और पिसा मेथी दाना
  • आधा चम्मच कलौंजी
  • आधा चम्मच हल्दी पाउडर
  • आधा चम्मच हींग
  • 4-5 बड़े चम्मच सरसों का तेल
  • 1.5 चम्मच सफेद नमक या स्वादानुसार
  • आधा चम्मच काला नमक

हरी मिर्च का अचार बनाने का तरीका

1. मिर्च को धोकर अच्छी तरह सुखाएं

सबसे पहले हरी मिर्च को साफ पानी से धो लें। इसके बाद कॉटन के कपड़े से अच्छी तरह पोंछकर 1-2 घंटे के लिए पंखे की हवा या हल्की धूप में रख दें। मिर्च में बिल्कुल भी नमी नहीं रहनी चाहिए।

2. मिर्च में लगाएं चीरा

मिर्च के डंठल तोड़कर अलग कर दें। इसके बाद हर मिर्च में बीच से लंबा चीरा लगाएं, ताकि मसाला आसानी से अंदर तक भर सके।

3. अचार का मसाला तैयार करें

एक बर्तन में दरदरी पिसी राई, सौंफ, मेथी दाना, कलौंजी, हल्दी, हींग, अमचूर पाउडर और सफेद व काला नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें।

4. सरसों का तेल गर्म करें

एक पैन में सरसों का तेल डालकर अच्छी तरह गर्म करें। जब तेल से धुआं निकलने लगे तो गैस बंद कर दें। तेल को पूरी तरह ठंडा या गुनगुना होने दें।

5. मिर्च में भरें मसाला

ठंडे हुए तेल का आधा हिस्सा तैयार मसाले में डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इससे मसाले का गाढ़ा मिश्रण तैयार हो जाएगा। अब इस मिश्रण को मिर्च के अंदर अच्छी तरह भर दें।

6. कांच के जार में करें स्टोर

मसाला भरी हुई हरी मिर्च को साफ और पूरी तरह सूखे कांच के जार में रखें। इसके ऊपर बचा हुआ सरसों का तेल डाल दें, ताकि मिर्च अच्छी तरह तेल में कोट हो जाए।

अचार को खराब होने से ऐसे बचाएं

अचार की शेल्फ लाइफ बढ़ाने के लिए नमी से बचाना सबसे जरूरी है। मिर्च और जार पूरी तरह सूखे होने चाहिए। अचार निकालने के लिए हमेशा साफ और सूखे चम्मच का इस्तेमाल करें।

अचार को तैयार करने के बाद जार को अच्छी तरह बंद करके 2-3 दिन धूप में रख सकते हैं। इससे मसाले मिर्च में अच्छी तरह मिल जाते हैं और अचार का स्वाद और भी बढ़ जाता है। राई और अमचूर अचार को खट्टा और चटपटा स्वाद देने में अहम भूमिका निभाते हैं।

Share this story

Tags