UP Politics: सीट बंटवारे पर फिर अटकी बात, SP-कांग्रेस में बढ़ी खींचतान; जल्द गठबंधन के ऐलान का दावा
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत जारी है, लेकिन अभी तक दोनों दल किसी अंतिम फॉर्मूले पर नहीं पहुंच पाए हैं। लगातार दूसरे दिन हुई बैठक में करीब साढ़े तीन घंटे तक मंथन चला। इसके बावजूद सीटों की संख्या को लेकर सहमति नहीं बन सकी। हालांकि, दोनों पार्टियों की ओर से बातचीत को सकारात्मक बताया जा रहा है और जल्द गठबंधन के ऐलान की बात कही जा रही है।
मामले में पेच तब बढ़ गया जब समाजवादी पार्टी ने पांच विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। साथ ही कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने की बात सामने आई है। दूसरी ओर कांग्रेस पहले करीब 181 सीटों की मांग कर रही थी, लेकिन बैठक के दौरान पार्टी ने लगभग 130 संभावित उम्मीदवारों की सूची समाजवादी पार्टी को सौंपी।
SP ने पांच सीटों पर उतारे उम्मीदवार
समाजवादी पार्टी की पहली सूची में चार मौजूदा विधायकों पर दोबारा भरोसा जताया गया है। बेहट से उमर अली खान, सहारनपुर से आशु मलिक, कैराना से नाहिद हसन और अमरोहा से महबूब अली को फिर टिकट दिया गया है। वहीं ललितपुर सीट से ज्योति लोधी को नया चेहरा बनाया गया है।
सहारनपुर और बेहट सीटों को लेकर कांग्रेस के लिए यह फैसला अहम माना जा रहा है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद सहारनपुर से सांसद हैं। वहीं ललितपुर में समाजवादी पार्टी ने महिला और लोधी समीकरण को साधने की कोशिश की है।
रायबरेली-अमेठी में भी फंसा मामला
सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच रायबरेली और अमेठी की सीटें भी चर्चा का विषय हैं। प्रस्तावित फॉर्मूले के मुताबिक रायबरेली की छह विधानसभा सीटों में कांग्रेस को कोई सीट नहीं मिल रही है। वहीं अमेठी की चार सीटों में से सिर्फ जगदीशपुर सीट कांग्रेस को देने की बात सामने आई है।
BJP ने गठबंधन पर साधा निशाना
सीट बंटवारा तय होने से पहले उम्मीदवारों की घोषणा को लेकर भाजपा ने विपक्षी गठबंधन पर हमला बोला है। भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस से सहमति बनाए बिना उम्मीदवार घोषित कर दिए। उन्होंने कहा कि गठबंधन से पहले ही दोनों दलों के बीच मतभेद सामने आ गए हैं।
उधर, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत अन्य भाजपा नेताओं ने भी सपा-कांग्रेस गठबंधन पर निशाना साधा। भाजपा नेताओं का दावा है कि दोनों दलों की राजनीतिक रणनीति उन्हें सत्ता में वापस नहीं ला पाएगी।
अखिलेश ने कहा- मुद्दा सीट नहीं, जीत है
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने गठबंधन की रणनीति को लेकर कहा कि इस चुनाव में लक्ष्य सांप्रदायिक भाजपा को हराना होना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि गठबंधन की सीटों पर उम्मीदवारों को केवल सपा या कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर नहीं, बल्कि इंडिया गठबंधन और पीडीए के प्रत्याशी के रूप में पेश किया जाए।
इस बीच सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा कि बातचीत सकारात्मक माहौल में चल रही है। अभी सभी सीटों पर चर्चा पूरी नहीं हुई है और आने वाली बैठकों में सीट बंटवारे को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।
खरगे के लखनऊ दौरे पर भी नजर
सीट शेयरिंग को लेकर जारी बातचीत के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के लखनऊ दौरे को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संविधान दिवस के मौके पर लखनऊ में आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम में खरगे शामिल होंगे। माना जा रहा है कि वह पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों और गठबंधन को लेकर संदेश दे सकते हैं।
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव अगले साल फरवरी-मार्च के आसपास होने की संभावना है। भाजपा 2017 से राज्य की सत्ता में है, जबकि समाजवादी पार्टी सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही है। 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था और उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 43 पर जीत दर्ज की थी। अब विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच सीटों का तालमेल गठबंधन की सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है।

