UP Politics: अखिलेश यादव को अपनी औलाद मानते हैं आजम खान, तंजीम फातिमा ने मतभेद की अटकलों पर दिया जवाब
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को रामपुर जेल में पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान से मुलाकात की। इसके बाद वह आजम खान के घर पहुंचे और उनके परिवार के सदस्यों से भी मिले। इस मुलाकात के बाद आजम खान की पत्नी डॉ. तंजीम फातिमा ने दोनों नेताओं के रिश्ते को पारिवारिक बताते हुए किसी भी तरह के मतभेद की अटकलों को खारिज किया।
अखिलेश यादव से हुई पारिवारिक बातचीत
अखिलेश यादव से मुलाकात को लेकर तंजीम फातिमा ने कहा कि उनके बीच किसी तरह की राजनीतिक चर्चा नहीं हुई। बातचीत पूरी तरह पारिवारिक रही। उन्होंने बताया कि अखिलेश यादव ने परिवार से उन मुश्किलों के बारे में भी बात की, जिनका सामना वे इन दिनों कर रहे हैं।
आजम खान और अखिलेश के रिश्ते पर क्या कहा?
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में टिकटों के बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल पर तंजीम फातिमा ने स्पष्ट किया कि इस संबंध में उनकी कोई बातचीत नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि आजम खान, अखिलेश यादव को अपनी औलाद की तरह मानते हैं। ऐसे में दोनों के बीच मतभेद होने की बात सही नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि टिकट देने का फैसला पार्टी अपनी जरूरत और परिस्थितियों के अनुसार करेगी। हालांकि, चुनाव को लेकर सभी नेताओं से विचार-विमर्श किया जाता है। तंजीम फातिमा के मुताबिक, आजम खान से भी सलाह ली जाएगी और अखिलेश यादव उनके सुझावों को महत्व देते हैं।
ओवैसी के बयान पर टिप्पणी करने से किया इनकार
हाल ही में रामपुर में आयोजित एआईएमआईएम की रैली के दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने अखिलेश यादव पर आजम खान के परिवार का साथ नहीं देने का आरोप लगाया था। इस बयान पर प्रतिक्रिया मांगने पर तंजीम फातिमा ने कहा कि ओवैसी उनके लिए सम्माननीय हैं और वह उनका सम्मान करती हैं। हालांकि, उन्होंने उनके बयान पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
जेल में करीब एक घंटे चली मुलाकात
गुरुवार को रामपुर जेल में अखिलेश यादव और आजम खान के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई। मुलाकात के बाद सपा अध्यक्ष ने कहा कि आजम खान के साथ उनका रिश्ता केवल राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव भी है। उन्होंने आजम खान को अपने दिल के करीब बताया और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए आजम खान के परिवार के साथ अन्याय होने का आरोप लगाया।
इस मुलाकात और तंजीम फातिमा के बयान के बाद दोनों नेताओं के संबंधों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच समाजवादी पार्टी की ओर से आपसी जुड़ाव का संदेश सामने आया है।

