Samachar Nama
×

UP Election 2027: कांग्रेस से सीटों के बंटवारे पर चर्चा करेगी सपा, रामगोपाल यादव की अगुवाई में बनी 7 सदस्यीय कमेटी

UP Election 2027: कांग्रेस से सीटों के बंटवारे पर चर्चा करेगी सपा, रामगोपाल यादव की अगुवाई में बनी 7 सदस्यीय कमेटी

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन की तैयारियां तेज हो गई हैं। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर जल्द बातचीत होने वाली है। इसके लिए समाजवादी पार्टी ने सांसद रामगोपाल यादव की अध्यक्षता में सात सदस्यीय गठबंधन कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी कांग्रेस के नेताओं के साथ गठबंधन और सीट शेयरिंग के मुद्दे पर चर्चा करेगी।

जानकारी के मुताबिक, सपा की इस कमेटी में पांच पार्टी नेताओं के अलावा दो डेटा एक्सपर्ट को भी शामिल किया गया है। ये विशेषज्ञ उत्तर प्रदेश की विधानसभा सीटों का राजनीतिक और चुनावी आकलन तैयार करेंगे। इसके आधार पर पार्टी नेतृत्व को बताया जाएगा कि किन सीटों पर सपा और कांग्रेस की स्थिति मजबूत है और कहां किस दल के उम्मीदवार को चुनाव लड़ाना फायदेमंद हो सकता है।

23 और 24 नवंबर को होगी गठबंधन पर चर्चा

सपा और कांग्रेस के बीच 23 और 24 नवंबर को सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत प्रस्तावित है। सपा की सात सदस्यीय टीम कांग्रेस के प्रतिनिधियों के साथ चुनावी रणनीति और सीटों के तालमेल पर चर्चा करेगी। डेटा एक्सपर्ट प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के आंकड़े और पिछले चुनावों के परिणाम सामने रखेंगे। माना जा रहा है कि सीटों के बंटवारे में इन आंकड़ों की अहम भूमिका हो सकती है।

कांग्रेस ने मांगी हैं 181 सीटें

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी के सामने 181 सीटों की मांग रखी है। कांग्रेस की ओर से दी गई सूची में 135 सामान्य, 45 अनुसूचित जाति (SC) और एक अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित सीट शामिल है।

हालांकि, कांग्रेस की इस मांग को लेकर राजनीतिक चर्चा भी तेज है। उपलब्ध चुनावी आंकड़ों के मुताबिक, कांग्रेस ने जिन 181 सीटों पर दावा किया है, उनमें से 169 सीटें ऐसी हैं, जहां पार्टी 2022 के विधानसभा चुनाव में अपनी जमानत तक नहीं बचा पाई थी। ऐसे में सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत काफी अहम मानी जा रही है।

अखिलेश यादव ने क्या कहा था?

कांग्रेस की ओर से सीटों की सूची भेजे जाने के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा था कि अभी सीट शेयरिंग को लेकर कोई औपचारिक बातचीत नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि INDIA गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ेगा और सभी दलों को सम्मान देते हुए सीटों का तालमेल किया जाएगा।

अखिलेश यादव ने यह भी कहा था कि चुनाव में सबसे बेहतरीन उम्मीदवारों को मैदान में उतारा जाएगा। अब रामगोपाल यादव की अध्यक्षता में गठित कमेटी की बातचीत के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि कांग्रेस और सपा के बीच सीटों को लेकर क्या सहमति बनती है।

Share this story

Tags