Samachar Nama
×

UP Election 2027: ड्राफ्ट वोटर लिस्ट पर चुनाव आयोग का बड़ा जवाब, 18.84 लाख बढ़े मतदाता

UP Election 2027: ड्राफ्ट वोटर लिस्ट पर चुनाव आयोग का बड़ा जवाब, 18.84 लाख बढ़े मतदाता

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले जारी हुई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट को लेकर सियासी चर्चा तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस दावे पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने जवाब दिया है, जिसमें कहा गया था कि पिछली ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम कट गए थे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में मतदाता का नाम, रिश्ते की जानकारी और उम्र जैसे विवरण दर्ज होते हैं, लेकिन धर्म से संबंधित कोई डेटा उपलब्ध नहीं कराया जाता। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग धर्म के आधार पर कोई आंकड़ा नहीं देता।

रिणवा ने कहा कि कुछ मीडिया संस्थानों और सोशल मीडिया पर इस तरह के विश्लेषण किए गए हैं। तकनीक के जरिए पीडीएफ को डेटा में बदलकर उसका विश्लेषण किया जा सकता है। बाजार में कई ऐसे ऐप और सॉफ्टवेयर उपलब्ध हैं, जो डेटा का अलग-अलग तरीके से सेग्रीगेशन कर सकते हैं।

18.84 लाख मतदाता बढ़े

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक 10 अप्रैल को जारी मतदाता सूची में उत्तर प्रदेश में कुल 13,39,84,792 मतदाता थे। 17 नवंबर को जारी ड्राफ्ट सूची में यह संख्या बढ़कर 13,58,68,905 हो गई है। यानी इस अवधि में कुल 18,84,113 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है।

यह विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 (SSR-2027) की प्रक्रिया का हिस्सा है। 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इसके लिए नागरिक फॉर्म 6, 7 और 8 का इस्तेमाल कर सकेंगे। फॉर्म 6 के जरिए नए मतदाता अपना नाम जुड़वा सकते हैं, जबकि फॉर्म 7 और 8 के माध्यम से नाम हटाने या विवरण में संशोधन की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

21 से 29 नवंबर तक विशेष अभियान

निर्वाचन आयोग की ओर से 21, 22, 28 और 29 नवंबर को सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान पात्र नागरिकों, खासकर युवाओं और महिलाओं को मतदाता सूची में शामिल करने पर विशेष जोर रहेगा।

Share this story

Tags