Samachar Nama
×

Supreme Court Hearing: विदेशी नेता के ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ नारे पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज, वीडियो हटाने की मांग

Supreme Court Hearing: विदेशी नेता के ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ नारे पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज, वीडियो हटाने की मांग

सुप्रीम कोर्ट शुक्रवार को इटली के नेता जियोकोमो फिलिबेक के ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ नारा लगाने से जुड़े मामले में सुनवाई करेगा। इस संबंध में दाखिल याचिका में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से भाषण का वीडियो हटाने की मांग की गई है। याचिका में कांग्रेस की ओर से आयोजित भारत समिट में शामिल हुए विदेशी प्रतिनिधियों की अनुमति और उनके वीजा की जांच कराने की मांग भी की गई है। इसके लिए सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में विशेष जांच दल (SIT) गठित करने की अपील की गई है।

हैदराबाद में हुई थी कांग्रेस की भारत समिट

कांग्रेस ने 13 और 14 नवंबर को हैदराबाद में भारत समिट का आयोजन किया था। इसमें करीब 70 देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया था। राहुल गांधी समिट के दूसरे दिन यानी 14 नवंबर को कार्यक्रम में शामिल हुए थे।

इसी दिन यूरोपियन सोशलिस्ट पार्टी (PES) के महासचिव जियोकोमो फिलिबेक ने अपने भाषण के दौरान ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा लगाया था। इसके बाद यह मामला राजनीतिक विवाद का विषय बन गया।

फिलिबेक ने राहुल गांधी के अभियान का किया समर्थन

अपने संबोधन में फिलिबेक ने राहुल गांधी की तारीफ की थी और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ उनके अभियान का समर्थन किया था। उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी ने ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ के अधिकार की रक्षा की है।

फिलिबेक के नारा लगाने के दौरान राहुल गांधी हंसते हुए दिखाई दिए थे। इस पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया दी थी।

किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना तंज कसते हुए लिखा कि जब कोई विदेशी भारत का अपमान कर रहा हो, तब क्या आपने किसी को हंसते हुए देखा है? उन्होंने आगे लिखा कि वह यह नहीं पूछ रहे हैं कि कौन-सा भारतीय विदेश जाकर भारत का अपमान करता है।

भाजपा नेताओं ने भी की आलोचना

फिलिबेक के बयान को लेकर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधा। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने सवाल उठाया कि कांग्रेस ऐसे लोगों को अपने राजनीतिक मंच पर क्यों जगह दे रही है, जिनके संबंध जॉर्ज सोरोस समर्थित ‘ओपन सोसायटी’ नेटवर्क और एमनेस्टी इंटरनेशनल से बताए जाते हैं।

वहीं, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने विदेशी प्रतिनिधियों के सामने भारत के आंतरिक राजनीतिक मुद्दे उठाकर देश का अपमान किया है।

याचिका में SIT जांच की मांग

सुप्रीम कोर्ट में दाखिल याचिका में दो प्रमुख मांगें रखी गई हैं। पहली, सोशल मीडिया से फिलिबेक के भाषण का संबंधित वीडियो हटाया जाए। दूसरी, कांग्रेस की भारत समिट में शामिल विदेशी प्रतिनिधियों को दी गई अनुमति और उनके वीजा की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में SIT से कराई जाए।

Share this story

Tags