Sonia Gandhi Book Launch: दिल्ली में आज ‘Belonging’ का औपचारिक विमोचन, विजय की मौजूदगी पर टिकी नजरें
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ की आज दिल्ली में आधिकारिक लॉन्चिंग होने जा रही है। कार्यक्रम शाम 6 बजे होटल मौर्या में आयोजित किया जाएगा। समारोह में कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और गठबंधन के सहयोगी शामिल हो सकते हैं।
कार्यक्रम में कर्नाटक, तेलंगाना और केरल के मुख्यमंत्री के अलावा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय के भी पहुंचने की चर्चा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने खुद फोन कर विजय को कार्यक्रम में आने का निमंत्रण दिया था। मुख्यमंत्री बनने के बाद सोनिया गांधी से विजय की यह दूसरी मुलाकात होगी। इससे पहले जून में 10 जनपथ पर दोनों की मुलाकात हुई थी, जब विजय नीति आयोग की बैठक में शामिल होने दिल्ली पहुंचे थे।
सोनिया गांधी की किताब 10 नवंबर को बाजार में आ चुकी है। पुस्तक में उन्होंने अपने निजी जीवन, परिवार और भारत के साथ अपने लंबे जुड़ाव के बारे में विस्तार से लिखा है। माना जा रहा है कि आज के कार्यक्रम में सोनिया गांधी लेखिका के तौर पर किताब से जुड़े कुछ अनुभव साझा कर सकती हैं।
किताब के लॉन्च के समय सोनिया गांधी ने आपातकाल को एक गलती बताया था। उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों को भी अपने जीवन का शर्मनाक अध्याय बताया था। ऐसे में आज के कार्यक्रम में उनके संबोधन पर भी राजनीतिक नजरें रहेंगी।
रॉबर्ट वाड्रा के मुताबिक, 544 पन्नों की इस किताब को पूरा करने में सोनिया गांधी को करीब 12 साल लगे। इसमें इटली में उनका बचपन, 1965 में कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से मुलाकात, भारत आना, हिंदी सीखना, राजीव गांधी की हत्या के बाद का दौर, राजनीति में प्रवेश और 2004 में प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने जैसे महत्वपूर्ण प्रसंग शामिल हैं।
मेकेदातु मुद्दे पर भी हो सकती है चर्चा
विजय के दिल्ली दौरे के बीच कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार से संभावित मुलाकात को लेकर भी चर्चा है। इसकी वजह कावेरी नदी पर प्रस्तावित मेकेदातु बांध परियोजना है। कर्नाटक सरकार इस परियोजना को आगे बढ़ाना चाहती है, जबकि तमिलनाडु इसका विरोध कर रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, विजय और डीके शिवकुमार के बीच वन-टू-वन बातचीत हो सकती है। हालांकि TVK की ओर से कहा गया है कि विजय का दिल्ली में फिलहाल किताब लॉन्च के अलावा कोई अन्य कार्यक्रम तय नहीं है।
तमिलनाडु में विपक्षी DMK लगातार मांग कर रही है कि विजय सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर मेकेदातु परियोजना का विरोध दर्ज कराएं। ऐसे में दिल्ली में विजय की मौजूदगी के दौरान इस मुद्दे को लेकर संभावित राजनीतिक बातचीत पर भी नजर रहेगी।

