Samachar Nama
×

थरूर की आम पार्टी में छाया सियासी रंग!  BJP नेताओं की लगी भीड़, जानिए कांग्रेस से कौन-कौन रहा मौजूद ?

थरूर की आम पार्टी में छाया सियासी रंग!  BJP नेताओं की लगी भीड़, जानिए कांग्रेस से कौन-कौन रहा मौजूद ?

कांग्रेस सांसद शशि थरूर अपने बयानों की वजह से हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत सरकार ने देश का पक्ष रखने के लिए शशि थरूर को विदेशी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बनाया था। उन्होंने अपना काम बखूबी निभाया और विदेश में भारत का झंडा बुलंद किया। हालांकि, इसके बाद से ही शशि थरूर को लेकर तरह-तरह के बयान दिए जा रहे हैं। अब एक बार फिर शशि थरूर चर्चा में हैं, इसकी वजह है 'मैंगो पार्टी'। उन्होंने अपने आवास पर मैंगो पार्टी का आयोजन किया और इसमें भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने इस पार्टी से दूरी बनाए रखी।

पार्टी में उमड़े भाजपा नेता
शशि थरूर ने नई दिल्ली के लुटियंस इलाके में स्थित अपने आधिकारिक आवास पर इस पार्टी का आयोजन किया, इसमें भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इसके अलावा, राजनयिक और पत्रकार भी इसमें शामिल हुए। भाजपा नेताओं की बात करें तो पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज़ हुसैन, सुधांशु त्रिवेदी, सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, पूर्व सांसद डॉ. संजय सिंह के अलावा भाजपा की सहयोगी पार्टी अपना दल की सांसद और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी समेत कई दिग्गज मौजूद रहे।

ओवैसी भी हुए शामिल

भाजपा नेताओं के अलावा, इस पार्टी में जिस चेहरे ने सबका ध्यान खींचा, वह था असदुद्दीन ओवैसी का। सांसद असदुद्दीन ओवैसी के आते ही शाहनवाज़ हुसैन ने उन्हें गले लगाया और कुछ देर बातचीत की। वहीं, टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा अपने पति और पूर्व सांसद पिनाकी मिश्रा के साथ पार्टी में शामिल हुईं। लोग उनसे बातचीत भी करते दिखे।

कांग्रेस के दिग्गजों ने बनाई दूरी!

कांग्रेस सांसद की पार्टी में जहाँ कई भाजपा नेता नज़र आए, वहीं टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा और सांसद ओवैसी भी नज़र आए। लेकिन इस पार्टी की सबसे दिलचस्प बात यह रही कि इसमें कांग्रेस का कोई भी बड़ा नेता शामिल नहीं हुआ। जिससे एक बार फिर राजनीतिक माहौल गरमा गया है।

क्या थरूर भाजपा के करीब आ रहे हैं?

एक तरफ कांग्रेस भारत की विदेश नीति को लेकर सरकार पर निशाना साध रही थी, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस सांसद ने कई मौकों पर भारत सरकार और विदेश मंत्रालय की तारीफ की थी। जब कांग्रेस पार्टी से ऑपरेशन सिंदूर के लिए विदेश जाने वाले प्रतिनिधिमंडल में शामिल होने के लिए नाम मांगे गए, तो थरूर का नाम उसमें नहीं था, इसके बावजूद वह प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बने। जिससे कयास लगाए जाने लगे कि वह भाजपा के करीब आ रहे हैं और कांग्रेस से उनकी दूरी बढ़ रही है। हाल ही में शशि थरूर और वरिष्ठ कांग्रेस नेता के. मुरलीधरन ने भी एक-दूसरे पर निशाना साधा था।

सवाल- कांग्रेस के बड़े नेता पार्टी में क्यों नहीं शामिल हुए?

जवाब- कांग्रेस सांसद शशि थरूर अक्सर पार्टी लाइन से हटकर बयान देते हैं, कई मौकों पर देखा गया है कि उनकी राय कुछ और थी जबकि कांग्रेस पार्टी की राय कुछ और।

सवाल- कांग्रेस और शशि थरूर के रिश्तों में दरार क्यों आ रही है?

जवाब- धीरे-धीरे शशि थरूर की कांग्रेस पार्टी से दूरी बढ़ती जा रही है। कहा जा रहा है कि वह कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ उम्मीदवार के तौर पर खड़े हुए थे, जो कांग्रेस पार्टी को पसंद नहीं आया।

Share this story

Tags