आज आम आदमी पार्टी (आप) ने गोरखपुर में "पूर्वांचल कार्यकर्ता सम्मेलन" का आयोजन किया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद डॉ. संजय सिंह थे। उनके आगमन पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह और उमंग देखी गई।
संजय सिंह ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ. संजय सिंह ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, "भाजपा ने देश और खासकर उत्तर प्रदेश की जनता को निराश किया है।"लोगों को शिक्षा, बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी ज़रूरतों से वंचित किया जा रहा है, जो हर नागरिक का अधिकार है। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि, "भाजपा सरकार केवल अपने उद्योगपति मित्र अडानी के फायदे के लिए काम करती है और सरकारी संस्थानों को बेचना चाहती है।"
महाराष्ट्र में हिंदी भाषियों पर अत्याचार का विरोध
संजय सिंह ने महाराष्ट्र के हालात पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा, "वहाँ हिंदी भाषी लोगों को निकाला जा रहा है और उनके साथ अन्याय हो रहा है। आम आदमी पार्टी इस अत्याचार का कड़ा विरोध करती है।"
2026 के पंचायत चुनाव अकेले लड़ने का ऐलान
कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान, संजय सिंह ने घोषणा की कि आम आदमी पार्टी 2026 के पंचायत चुनाव - जिसमें जिला पंचायत, बीडीसी और ग्राम पंचायत स्तर के चुनाव शामिल हैं - अकेले लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी अब गाँव-गाँव तक संगठन को मज़बूत करेगी।
संजय सिंह को 2027 का मुख्यमंत्री उम्मीदवार बनाने का संकल्प
सम्मेलन के अंत में, कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से 2027 के विधानसभा चुनाव में डॉ. संजय सिंह को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश को एक ईमानदार और विकासशील सरकार की ज़रूरत है, और संजय सिंह इसके लिए सबसे उपयुक्त विकल्प हैं।सम्मेलन को पूर्वांचल प्रांत अध्यक्ष राजेश यादव ने निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी और दिल्ली के गोकुलपुरी विधायक सुरेंद्र चौधरी, पूर्वांचल प्रांत प्रभारी डॉ. अनुराग मिश्रा, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव, निवर्तमान महासचिव दिनेश सिंह पटेल, अवध प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल की उपस्थिति में संबोधित किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से आज़मगढ़ से कमलेश सिंह रवीन्द्र यादव, बलिया से प्रदीप कुमार, जौनपुर से रामरतन विश्वकर्मा, अम्बेडकरनगर से डॉ. शराफुद्दीन, ब्रजेश कुमार, देवरिया से हरिनारायण चौहान, कुशीनगर से रमाकान्त कुशवाहा, महराजगंज से अजीत श्रीवास्तव, रामकुमार पटेल सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उक्त कार्यक्रम की अध्यक्षता गोरखपुर जिला अध्यक्ष विजय कुमार श्रीवास्तव ने की तथा कार्यक्रम का संचालन जिला प्रभारी प्रवीण यादव ने किया।

