Samachar Nama
×

तमिलनाडु CM विजय के 100 दिन पर रजनीकांत ने साधी चुप्पी, कैमरे में कैद हुआ पल
 

तमिलनाडु CM विजय के 100 दिन पर रजनीकांत ने साधी चुप्पी, कैमरे में कैद हुआ पल

तमिलनाडु की राजनीति में मुख्यमंत्री थलापति विजय की सरकार के 100 दिन पूरे होने के बाद अभिनेता रजनीकांत का एक वीडियो चर्चा में है। मंगलवार, 25 अगस्त को हैदराबाद एयरपोर्ट पर मौजूद रजनीकांत से जब विजय सरकार के 100 दिनों के प्रदर्शन को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

सवाल सुनकर मुस्कुराए रजनीकांत

हैदराबाद एयरपोर्ट पर रजनीकांत को देखते ही वहां मौजूद पत्रकारों ने उनसे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के तौर पर विजय के 100 दिन पूरे होने को लेकर सवाल पूछा।

रजनीकांत ने सवाल का जवाब देने के बजाय सिर्फ मुस्कुराया और अपनी कार की तरफ बढ़ गए। इसके बाद वह कार में बैठकर वहां से निकल गए। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

विजय सरकार के 100 दिन पूरे

थलापति विजय ने 10 मई को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। सरकार गठन को लेकर बनी स्थिति उस समय साफ हुई, जब उनकी पार्टी ने सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत हासिल किया।

17 अगस्त को विजय के मुख्यमंत्री के तौर पर 100 दिन पूरे हुए। इस दौरान उनकी सरकार की ओर से कई फैसले लिए जाने का दावा किया गया है।

100 दिनों में कई फैसले चर्चा में

विजय सरकार के शुरुआती 100 दिनों में दूध खरीद की कीमत बढ़ाने, मैटरनिटी लीव का दायरा बढ़ाने और विधायकों के लिए गाड़ियों व भत्तों से जुड़े फैसले चर्चा में रहे।

इसके अलावा पिछली DMK सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़ी फाइलों को लेकर भी विजय सरकार की ओर से सख्त रुख अपनाने की बात सामने आई है।

पहले भी राजनीतिक सवालों से असहज होने की बात कह चुके हैं रजनीकांत

रजनीकांत पहले भी सार्वजनिक मंचों पर अपने बयानों को लेकर होने वाली राजनीतिक चर्चाओं पर प्रतिक्रिया दे चुके हैं। जून में अपनी फिल्म ‘धर्मन’ के टाइटल रिवील कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा था कि आजकल सार्वजनिक तौर पर उनके द्वारा कही गई कोई भी बात मुद्दा बन जाती है।

उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा था कि जब उन्हें बोलने के लिए बुलाया जाता है तो उन्हें हिचकिचाहट होती है, क्योंकि उनके बोलने से किसी न किसी के लिए समस्या खड़ी हो जाती है। वहीं, चुप रहने पर भी लोग सवाल करते हैं कि वह बोल क्यों नहीं रहे हैं।

ऐसे में विजय सरकार के 100 दिनों पर रजनीकांत का बिना कोई टिप्पणी किए मुस्कुराकर निकल जाना भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
 

Share this story

Tags