नॉर्वे में प्रेस के सवाल पर पीएम मोदी की चुप्पी पर राहुल गांधी का तीखा तंज, बोले - 'छिपाने को कुछ नहीं तो डर किस बात का?’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नॉर्वे यात्रा का एक वीडियो सामने आने के बाद देश का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया है और प्रधानमंत्री पर सवाल उठाए हैं। वीडियो में एक नॉर्वेजियन पत्रकार प्रधानमंत्री से सवाल पूछने की कोशिश करता दिख रहा है, तभी PM मोदी उसके पास से गुज़र जाते हैं। कांग्रेस पार्टी और विपक्ष ने इस घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा है।
When there is nothing to hide, there is nothing to fear.
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) May 18, 2026
What happens to India’s image when the world sees a compromised PM panic and run from a few questions? https://t.co/tOO8vzESpf
राहुल गांधी ने क्या कहा?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर वीडियो शेयर करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लिखा कि जब आपके पास छिपाने के लिए कुछ नहीं होता, तो डरने का कोई कारण नहीं होता। इस मामले पर सवाल उठाते हुए राहुल गांधी ने पूछा कि देश की छवि पर क्या असर पड़ता है, जब दुनिया देखती है कि भारत के प्रधानमंत्री कुछ सवालों से डरकर भाग जाते हैं।
वीडियो में पत्रकार ने क्या पूछा?
वीडियो में नॉर्वेजियन पत्रकार हेल लिंग को प्रधानमंत्री मोदी से एक सवाल पूछते हुए सुना जा सकता है। उन्होंने पूछा, "PM मोदी, आप दुनिया की सबसे आज़ाद प्रेस के सवालों के जवाब क्यों नहीं देते?" इसके बाद पत्रकार ने खुद ही इस वीडियो को 'X' पर शेयर किया। उन्होंने लिखा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि प्रधानमंत्री उनके सवाल का जवाब देंगे। पत्रकार ने बताया कि प्रेस की आज़ादी के मामले में नॉर्वे दुनिया में पहले स्थान पर है, जबकि भारत 157वें स्थान पर है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि सत्ता में बैठे लोगों से सवाल पूछना पत्रकारों का फ़र्ज़ है।
दूतावास ने क्या जवाब दिया?
भारतीय दूतावास ने भी इस पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। पत्रकार की पोस्ट का जवाब देते हुए दूतावास ने कहा कि प्रधानमंत्री की यात्रा के संबंध में रात 9:30 बजे रैडिसन ब्लू प्लाज़ा होटल में एक प्रेस ब्रीफ़िंग का आयोजन किया जा रहा है। दूतावास ने पत्रकार को इस ब्रीफ़िंग में शामिल होने और अपने सवाल वहीं पूछने के लिए आमंत्रित किया।

