Rahul Gandhi Hyderabad Visit: भारत समिट के दूसरे दिन शामिल होंगे राहुल, गिग वर्कर्स की रैली में भी लेंगे हिस्सा
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस की भारत समिट का शनिवार को दूसरा दिन है। इस दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स के एक विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लेने के साथ उनकी रैली में भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में डिलीवरी एग्जीक्यूटिव, कैब ड्राइवर और ऐप आधारित सेवाओं से जुड़े कर्मचारी अपनी समस्याएं और मांगें राहुल गांधी के सामने रखेंगे।
भारत समिट में 70 देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। यहां वैश्विक चुनौतियों और मौजूदा मुद्दों पर चर्चा की जा रही है। समिट का उद्देश्य तेलंगाना में निवेश आकर्षित करना और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। इसके जरिए राज्य को अपना औद्योगिक और आईटी इकोसिस्टम दुनिया के सामने पेश करने का मौका भी मिलेगा।
गिग वर्कर्स से बातचीत करेंगे राहुल गांधी
राहुल गांधी 14 नवंबर को हैदराबाद इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (HICC) के पास आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे डिलीवरी पार्टनर, कैब ड्राइवर और अन्य ऐप आधारित सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों से बातचीत करेंगे।
कार्यक्रम के साथ गिग वर्कर्स की रैली भी निकाली जाएगी। इस मौके पर कर्मचारियों के लिए वेलफेयर बोर्ड की शुरुआत की जाएगी। इसका उद्देश्य राज्य में गिग वर्कर्स के लिए कानून और कल्याणकारी योजनाओं को लागू करना है।
कार्यक्रम में कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा, दुर्घटना बीमा, स्वास्थ्य सुविधाएं, रोजगार सुरक्षा, रजिस्ट्रेशन और शिकायतों के समाधान जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
तेलंगाना में लागू हुआ गिग वर्कर्स से जुड़ा कानून
तेलंगाना सरकार ने गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स के हितों की सुरक्षा के लिए ‘तेलंगाना प्लेटफॉर्म-बेस्ड गिग वर्कर्स (रजिस्ट्रेशन, सोशल सिक्योरिटी एंड वेलफेयर) एक्ट, 2026’ बनाया है।
यह कानून 2 जून 2026 से लागू हो चुका है। अब 14 नवंबर को इसके तहत तैयार किए गए नियमों की अधिसूचना जारी की जाएगी। इन नियमों के जरिए गिग वर्कर्स के रजिस्ट्रेशन, सामाजिक सुरक्षा और कल्याण से जुड़े प्रावधानों को लागू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान किया था कल्याण का वादा
तेलंगाना गिग एंड प्लेटफॉर्म वर्कर्स यूनियन (TGPWU) के संस्थापक और प्रदेश अध्यक्ष शेख सलाउद्दीन के मुताबिक, राहुल गांधी का यह दौरा गिग वर्कर्स के लिए महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा और बाद के चुनाव अभियानों के दौरान गिग वर्कर्स के कल्याण के लिए कदम उठाने का वादा किया गया था। अब कानून के नियमों और वेलफेयर बोर्ड को अधिसूचित करने की तैयारी की जा रही है।
यूनियन के मुताबिक, रैली में किसी राजनीतिक संगठन की भागीदारी नहीं होगी। इसमें गिग वर्कर्स अपनी खुशी जाहिर करने और उनके कल्याण के लिए उठाए जा रहे कदमों के प्रति आभार जताने के लिए शामिल होंगे।
समिट में निवेश और रोजगार पर भी चर्चा
हैदराबाद में चल रही भारत समिट में 70 देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। कार्यक्रम के दौरान वैश्विक मुद्दों, आर्थिक चुनौतियों और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हो रही है।
तेलंगाना सरकार का लक्ष्य इस आयोजन के जरिए राज्य में नए निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाना है। साथ ही, राज्य के औद्योगिक और आईटी क्षेत्र की क्षमताओं को अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के सामने प्रस्तुत करना भी समिट का प्रमुख उद्देश्य है।

