UP में 'महिला वोट बैंक' साधने की तैयारी! अखिलेश यादव ने खोले वादों के पिटारे, 10 बड़े ऐलान से मचा सियासी घमासान
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से करीब सात महीने पहले समाजवादी पार्टी ने महिलाओं को लेकर बड़े ऐलान किए हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव ने महिलाओं के लिए ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ की घोषणा की है। इसके तहत गरीब महिलाओं को शुरुआत में हर साल 40 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का वादा किया गया है। सपा के मुताबिक, इस राशि को आगे हर साल बढ़ाया जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा और आर्थिक मजबूती को लेकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर कई योजनाओं को लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ पार्टी के चुनावी घोषणापत्र का हिस्सा होगी।
क्या है स्त्री सम्मान समृद्धि योजना?
डिंपल यादव ने योजना की जानकारी देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। योजना के तहत महिलाओं को मोबाइल, लैपटॉप, आर्थिक सहायता, शिक्षा और प्रशिक्षण जैसी सुविधाओं से जोड़ने की बात कही गई है।
उन्होंने कहा कि गरीब महिलाओं को 40 हजार रुपये की सहायता से शुरुआत की जाएगी और आने वाले वर्षों में इसमें बढ़ोतरी की जाएगी। इसके अलावा सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने का भी वादा किया गया है।
योगी सरकार के ऐलान का भी जिक्र
सपा के इन ऐलानों से पहले उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने भी महिलाओं और छात्राओं को लेकर कई घोषणाएं की थीं।
इनमें 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा, 12वीं पास छात्राओं के लिए मुफ्त लैपटॉप और 50 हजार छात्राओं को मुफ्त स्कूटी देने की योजना शामिल है।
मुफ्त स्कूटी से जुड़ी योजना को रानी लक्ष्मीबाई योजना नाम दिया गया है, जबकि बुजुर्ग महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की घोषणा अहिल्याबाई योजना के तहत की गई है।
सपा सत्ता में आई तो छात्राओं को फ्री लैपटॉप
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर 12वीं पास करने वाली हर छात्रा को मुफ्त लैपटॉप दिया जाएगा।
उन्होंने सरकारी स्कूलों में छात्राओं की पूरी फीस माफ करने और निजी स्कूलों में फीस का 50 फीसदी हिस्सा सरकार की ओर से देने का वादा भी किया। महिलाओं को हर महीने कम से कम दो दिन आकस्मिक अवकाश देने की व्यवस्था करने की बात भी कही गई है।
इसके अलावा हर तहसील में एक पीजी कॉलेज और हर जिले में एक विश्वविद्यालय बनाने का वादा किया गया है।
महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा और घर का वादा
सपा ने प्रदेश की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने की बात कही है। इसके साथ ही हर विधवा और बेसहारा महिला को पक्का सरकारी घर देने का वादा किया गया है।
निराश्रित महिलाओं के सम्मानजनक अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी सरकार द्वारा उठाने की बात भी कही गई है। पार्टी ने बंद किए गए 26 हजार से ज्यादा स्कूलों को दोबारा खोलने और महिला अपराधों से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का भी ऐलान किया है।
अखिलेश ने 1090 हेल्पलाइन का किया जिक्र
अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान शुरू की गई 1090 महिला हेल्पलाइन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के समय शिक्षा, स्वास्थ्य और महिलाओं की सुरक्षा के क्षेत्र में कई काम किए गए थे।
अखिलेश ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने ‘आधी आबादी’ की आजादी और सम्मान को पार्टी के प्रमुख मुद्दों में शामिल करने की बात कही।
यूपी में करीब 7 करोड़ महिला वोटर
उत्तर प्रदेश में महिला मतदाताओं की संख्या काफी बड़ी है। 2022 के विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची के अनुसार प्रदेश में करीब 6.98 करोड़ महिला वोटर थीं, जबकि कुल मतदाताओं की संख्या लगभग 15 करोड़ थी।
ऐसे में चुनाव से पहले महिलाओं को लेकर किए जा रहे ये बड़े ऐलान उत्तर प्रदेश की चुनावी राजनीति में अहम माने जा रहे हैं। अब आने वाले महीनों में सपा और बीजेपी की ओर से महिलाओं और अन्य वर्गों के लिए और भी घोषणाएं सामने आ सकती हैं।

