PM Modi Gujarat Visit: गुजरात में Gen-Z से PM मोदी का संवाद, रैंप पर पहुंचकर युवाओं से की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 8 सितंबर को गुजरात के वडोदरा में Gen-Z युवाओं से संवाद कर रहे हैं। कार्यक्रम में करीब 6 हजार युवाओं को बुलाया गया है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि वह विकसित भारत की यात्रा को गति देने के लिए आए हैं।
युवाओं के साथ संवाद के लिए कार्यक्रम स्थल पर खास इंतजाम किए गए हैं। यहां Y शेप का विशेष रैंप बनाया गया है। भाषण से पहले प्रधानमंत्री इसी रैंप पर चलते हुए युवाओं के बीच पहुंचे। इस दौरान एक छात्र ने उन्हें अपनी बनाई हुई तस्वीर भी भेंट की।
कार्यक्रम की 3 खास तस्वीरें
प्रधानमंत्री के मंच पर पहुंचने से पहले ही कार्यक्रम स्थल पर युवाओं में खास उत्साह देखने को मिला। PM मोदी रैंप के जरिए सीधे युवाओं के बीच पहुंचे। इस दौरान उनका स्वागत भगवान गणपति की मूर्ति देकर भी किया गया।
जंतर-मंतर के बाद PM मोदी और Gen-Z: अब तक की पूरी टाइमलाइन
23 जुलाई: सेल्फी वीडियो से युवाओं से सीधा संवाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 जुलाई को पहली बार फ्रंट कैमरे से सेल्फी वीडियो बनाकर सीधे युवाओं से बात की। करीब तीन मिनट के इस वीडियो में उन्होंने पेपर लीक को गंभीर समस्या बताया और इसके खिलाफ सख्त कानून व कार्रवाई की बात कही।
24 जुलाई: अगले दिन फिर सेल्फी वीडियो
इसके अगले ही दिन यानी 24 जुलाई को PM मोदी दोबारा सेल्फी वीडियो में नजर आए। उन्होंने युवाओं को पिछले वीडियो पर प्रतिक्रिया और सुझाव देने के लिए धन्यवाद दिया। मोदी ने कहा कि युवाओं की प्रतिक्रिया से उनके साथ उनका जुड़ाव और मजबूत हुआ है।
यानी महज 24 घंटे के भीतर प्रधानमंत्री के दो सेल्फी वीडियो सामने आए।
31 जुलाई: 'हाय फ्रेंड्स' से युवाओं से अनौपचारिक अंदाज में बात
31 जुलाई को प्रधानमंत्री ने एक वर्टिकल वीडियो के जरिए युवाओं से अनौपचारिक अंदाज में बातचीत की। वीडियो की शुरुआत 'हाय फ्रेंड्स' कहकर की गई। इसके बाद भाजपा और सरकार के डिजिटल कम्युनिकेशन में भी युवाओं के लिए शॉर्ट वीडियो और कम एडिटेड रील्स पर ज्यादा जोर दिखाई दिया।
20 अगस्त: मंत्रियों को भी युवाओं के बीच जाने का निर्देश
20 अगस्त को प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रियों से विश्वविद्यालयों में छात्रों के साथ समय बिताने और सरकारी स्कूलों का दौरा करने को कहा। इससे युवाओं तक पहुंच बनाने की कोशिश सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित न रहकर ग्राउंड लेवल तक ले जाने का संकेत मिला।
26 अगस्त: सोशल मीडिया एंगेजमेंट में बड़ा उछाल
डेटा बीइंग्स के विश्लेषण के मुताबिक, 20 जुलाई के बाद प्रधानमंत्री मोदी की प्रति इंस्टाग्राम पोस्ट औसत एंगेजमेंट 1.19 करोड़ से बढ़कर 4.63 करोड़ हो गई। यह करीब 290% की बढ़ोतरी बताई गई। यानी इस अवधि में इंस्टाग्राम पर प्रधानमंत्री के कंटेंट को मिलने वाले इंटरैक्शन में बड़ा उछाल देखने को मिला।
देश में करीब हर चौथा वोटर युवा
चुनाव आयोग के मुताबिक, लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान देश के कुल मतदाताओं में 18 से 29 साल की उम्र के वोटरों की हिस्सेदारी 22.78% थी। यानी करीब हर चार में से एक वोटर 18-29 साल की उम्र का था।
गुजरात में यह हिस्सेदारी 23.32% थी। इसका मतलब राज्य में हर 100 मतदाताओं में करीब 23 वोटर 18 से 29 साल की उम्र के थे। गुजरात का आंकड़ा राष्ट्रीय औसत से 0.54 प्रतिशत अंक अधिक था।
ये आंकड़े चुनाव आयोग की 20 मई 2024 की मतदाता सूची पर आधारित हैं।
Gen-Z तक पहुंचने में जुटी भाजपा, कांग्रेस और RSS
भाजपा: सोशल मीडिया और रील्स पर फोकस
भाजपा युवाओं तक पहुंच बढ़ाने के लिए इंस्टाग्राम और शॉर्ट वीडियो जैसे फॉर्मेट पर जोर दे रही है। जुलाई 2026 में प्रधानमंत्री मोदी ने भी मंत्रियों को युवाओं के लोकप्रिय डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहने की सलाह दी।
कांग्रेस: छात्रों से सीधे संवाद की कोशिश
कांग्रेस भी छात्रों और युवाओं के साथ सीधे संवाद पर फोकस कर रही है। पार्टी की ओर से 'छात्रों की गूंज' जैसे कार्यक्रमों के जरिए कैंपस और सोशल मीडिया दोनों माध्यमों से युवा मुद्दों को जोड़ने की कोशिश की जा रही है। राहुल गांधी ने भी इंस्टाग्राम पर 'आस्क मी एनिथिंग' के जरिए छात्रों से सीधे सवाल पूछने और संवाद करने की अपील की।
RSS: युवाओं के बीच सीधे संवाद पर जोर
RSS भी Gen-Z तक पहुंच बनाने के लिए संवाद कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। अगस्त 2026 में मोहन भागवत ने मुंबई में करीब 2 हजार किशोरों से संवाद किया। इस कार्यक्रम में देश के 100 से ज्यादा शहरों से युवा शामिल हुए।

