Patna March Live Updates:पटना में छात्रों और पुलिस के बीच टकराव, वॉटर कैनन के बाद कई हिरासत में
बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को बीपीएससी TRE-4 अभ्यर्थियों के प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव को लेकर माहौल गरमा गया। अपनी मांगों को लेकर बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतरे। गांधी मैदान से मार्च निकालने की तैयारी के बीच पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।छात्रों के मार्च को देखते हुए गांधी मैदान और उसके आसपास के इलाकों में पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई। गांधी मैदान स्थित होटल मौर्या के पास भी पुलिस बल पहले से मौजूद रहा। प्रशासन की ओर से बैरिकेडिंग की गई, ताकि प्रदर्शनकारी निर्धारित रास्ते से आगे न बढ़ सकें।
डाकबंगला चौराहे पर बढ़ा तनाव
प्रदर्शन के दौरान पटना के डाकबंगला चौराहे पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। कुछ छात्रों ने पुलिस की बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की।बवाल बढ़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। बैरिकेडिंग पार करने वाले कई छात्रों को हिरासत में लिया गया और उन्हें कोतवाली थाने ले जाया गया।
क्या हैं छात्रों की मांगें?
बीपीएससी TRE-4 के अभ्यर्थी भर्ती परीक्षा की प्रक्रिया को लेकर विरोध कर रहे हैं। छात्रों की प्रमुख मांग है कि परीक्षा एकल परीक्षा के रूप में आयोजित की जाए। इसके अलावा अभ्यर्थी निगेटिव मार्किंग खत्म करने की भी मांग कर रहे हैं।छात्र संगठनों का कहना है कि इन मांगों को लेकर वे लगातार प्रशासन के सामने अपनी बात रख रहे हैं। इससे पहले सोमवार, 24 अगस्त को छात्र नेता दिलीप कुमार और कुछ अन्य छात्रों की प्रशासन के साथ बातचीत भी हुई थी। शिक्षा विभाग के अधिकारियों से भी छात्रों की बातचीत हुई थी, लेकिन समाधान नहीं निकल सका।
हिरासत में लिए छात्र ने पुलिस पर लगाए आरोप
प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए एक छात्र ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। छात्र ने दावा किया कि पुलिस ने उसके साथ मारपीट की और दुर्व्यवहार किया।हिरासत में लिए गए छात्र ने आरोप लगाते हुए कहा, “पुलिस ने बूट से मारा, मां-बहन की गाली दी। लाठी से मारा है…”हालांकि, छात्र द्वारा लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
CM आवास की ओर मार्च पर प्रशासन की नजर
छात्र संगठनों की ओर से गांधी मैदान से मुख्यमंत्री आवास की तरफ मार्च निकालने की योजना को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया है और बैरिकेडिंग के जरिए प्रदर्शनकारियों की आवाजाही नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।पटना में प्रदर्शन के बीच अब सभी की नजर इस बात पर है कि सरकार और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच बातचीत से कोई समाधान निकलता है या आंदोलन आगे भी जारी रहता है।

