Parliament Session: 15 दिसंबर से पहले संसद सत्र की तैयारी पूरी करने के निर्देश, महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर रहेगी नजर
संसद के आगामी सत्र को लेकर केंद्र सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कैबिनेट बैठक में मंत्रियों को निर्देश दिया कि वे 15 दिसंबर से पहले अपने-अपने मंत्रालयों की तैयारियां पूरी कर लें। उन्होंने मंत्रियों को इस दौरान विदेश यात्रा से बचने और संसद सत्र के लिए उपलब्ध रहने की सलाह भी दी है।
माना जा रहा है कि आगामी सत्र में सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को आगे बढ़ाने की कोशिश कर सकती है। हालांकि, संसद सत्र कब से शुरू होगा और कितने दिन चलेगा, इस पर अंतिम फैसला संसदीय कार्य संबंधी कैबिनेट समिति करेगी।
100 दिन से ज्यादा समय से संसद सत्र का इंतजार
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, बुधवार को प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में संसद के आगामी सत्र की तैयारियों पर चर्चा हुई। संसद का पिछला मानसून सत्र 13 अगस्त को दोनों सदनों की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के साथ समाप्त हुआ था। इसके बाद 100 दिन से अधिक समय बीत चुका है।
विपक्ष लगातार शीतकालीन सत्र बुलाने में हो रही देरी पर सवाल उठा रहा है। सत्र की तारीखों का ऐलान नहीं होने के कारण विशेष सत्र बुलाए जाने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। इसकी एक बड़ी वजह परिसीमन से जुड़ा प्रस्ताव माना जा रहा है।
परिसीमन बिल के लिए दो-तिहाई समर्थन जरूरी
आगामी सत्र में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 को लेकर खास चर्चा हो सकती है। यह विधेयक परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा है। इससे पहले 17 अप्रैल को संसद के विशेष सत्र में जरूरी समर्थन नहीं मिलने के कारण यह विधेयक पारित नहीं हो पाया था।
लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होती है। 543 सदस्यीय लोकसभा में फिलहाल तीन पद खाली होने के कारण 540 सदस्य हैं। ऐसे में विधेयक को पारित कराने के लिए 361 सांसदों का समर्थन जरूरी होगा। एनडीए के पास करीब 320 सांसद हैं, इसलिए सरकार को अतिरिक्त समर्थन जुटाना पड़ेगा।
दक्षिणी राज्यों की चिंता दूर करने के लिए सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव
परिसीमन को लेकर दक्षिण भारतीय राज्यों में प्रतिनिधित्व घटने की आशंका जताई जाती रही है। इसी चिंता को दूर करने के लिए सरकार सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाने के विकल्प पर विचार कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, प्रस्तावित फॉर्मूले में 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात बनाए रखने की बात है। हालांकि, इस प्रस्ताव पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।
कांग्रेस ने सरकार से मांगा जवाब
संसद सत्र में देरी को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। पार्टी प्रवक्ता जयराम रमेश ने कहा कि अब तक शीतकालीन सत्र या संभावित विशेष सत्र की तारीखों की जानकारी सामने आ जानी चाहिए थी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस ने परिसीमन को लेकर सरकार का प्रस्तावित फॉर्मूला सार्वजनिक करने की मांग भी की है।
SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त का मुद्दा भी उठा सकता है विपक्ष
आगामी संसद सत्र में विपक्ष मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर का मुद्दा उठा सकता है। इसके अलावा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी सदन में उठाए जाने की संभावना है।
सत्तापक्ष के एक सांसद के मुताबिक, संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा और मतदान तभी संभव होगा, जब संसद की कार्यवाही सुचारू रूप से चलेगी। ऐसे में आगामी सत्र में सरकार और विपक्ष के बीच कई अहम मुद्दों पर टकराव देखने को मिल सकता है।

