Samachar Nama
×

Ladakh Protest: सोनम वांगचुक की पदयात्रा को मिला समर्थन, CJP फाउंडर ने कहा- लद्दाख के साथ खड़े हों
 

Ladakh Protest: सोनम वांगचुक की पदयात्रा को मिला समर्थन, CJP फाउंडर ने कहा- लद्दाख के साथ खड़े हों

लद्दाख में लोकतांत्रिक अधिकारों और राजनीतिक ढांचे की मांग को लेकर सोनम वांगचुक की प्रस्तावित पदयात्रा को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। 19 सितंबर से शुरू होने वाली इस पदयात्रा को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से समर्थन दिया गया है। पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सोनम वांगचुक के वीडियो को री-पोस्ट करते हुए लद्दाख के समर्थन में खड़े होने की बात कही है।

सोनम वांगचुक ने अपने वीडियो के जरिए देशभर के लोगों से इस आंदोलन का समर्थन करने की अपील की थी। उन्होंने खास तौर पर कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थकों से भी साथ आने की अपील की थी। इसके बाद अभिजीत दीपके ने उनके वीडियो को साझा करते हुए लिखा, 'लद्दाख के साथ खड़े हों।'

सरकार के साथ बैठक में क्या हुआ?
सोनम वांगचुक के मुताबिक, लद्दाख के भविष्य और वहां लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर सरकार तथा लद्दाख के प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई। उनका दावा है कि करीब चार महीने के अंतराल के बाद हुई इस बैठक में भी सरकार की ओर से प्रस्तावित लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर कोई लिखित ड्राफ्ट प्रतिनिधिमंडल को नहीं दिया गया।
उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान विभिन्न मुद्दों से जुड़े सवालों की एक सूची प्रतिनिधिमंडल को दी गई और कहा गया कि इन विषयों पर अगली बैठक में चर्चा की जाएगी। वांगचुक का कहना है कि विधानसभा, परिसीमन और चुनाव जैसे मुद्दों पर पहले भी चर्चा हो चुकी है, लेकिन इस बैठक में इन मामलों पर कोई नई ठोस पहल सामने नहीं आई।
लद्दाख में विधानसभा की मांग
सोनम वांगचुक ने कहा कि लद्दाख के प्रतिनिधिमंडल की प्रमुख मांग वहां जल्द से जल्द लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई विधानसभा का गठन करना है। उनका कहना है कि इस प्रस्ताव को संसद के आगामी शीतकालीन सत्र में रखा जाना चाहिए, जिससे लद्दाख में चुनाव और लोकतांत्रिक संस्थाओं के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ सके।
उन्होंने यह भी चिंता जताई कि मौजूदा व्यवस्था में स्थानीय प्रशासन और उपराज्यपाल के स्तर पर लद्दाख से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले लिए जा रहे हैं। वांगचुक का कहना है कि लोकतांत्रिक ढांचा स्थापित होने तक ऐसे बड़े फैसलों से बचा जाना चाहिए, जिनसे क्षेत्र की स्थिति और स्वरूप में व्यापक बदलाव हो सकता है।
19 से 24 सितंबर तक पदयात्रा का ऐलान
सोनम वांगचुक ने घोषणा की है कि 19 सितंबर से 24 सितंबर के बीच लद्दाख में एक बड़ी पदयात्रा आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर सरकार की ओर से सकारात्मक आश्वासन मिलता है तो इस यात्रा को शहीदों की याद में निकाली जाने वाली पदयात्रा के रूप में आयोजित किया जाएगा।

वहीं, अगर सरकार की तरफ से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलता है तो इस पदयात्रा को प्रदर्शन का रूप दिया जा सकता है। वांगचुक ने देशभर के लोगों से इस अभियान को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि लद्दाख को पूरे भारत के समर्थन की जरूरत है।

CJP ने बढ़ाया समर्थन का हाथ
सोनम वांगचुक की अपील के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने वांगचुक के वीडियो को एक्स पर री-पोस्ट करते हुए लद्दाख के साथ खड़े होने की बात कही। इससे प्रस्तावित पदयात्रा को लेकर राजनीतिक और सोशल मीडिया स्तर पर चर्चा और तेज होने की संभावना है।
 

Share this story

Tags