Samachar Nama
×

Indian Army: सैनिकों के लिए लॉन्च हुआ भारत राइस, फीडबैक के आधार पर सुधरेगी राशन की गुणवत्ता

Indian Army: सैनिकों के लिए लॉन्च हुआ भारत राइस, फीडबैक के आधार पर सुधरेगी राशन की गुणवत्ता

इंडियन आर्मी ने सोमवार को रक्षा बलों के लिए ‘भारत राइस’ लॉन्च किया। इस पहल का उद्देश्य सैनिकों को बेहतर गुणवत्ता वाला चावल उपलब्ध कराना और उनके राशन की गुणवत्ता में सुधार करना है। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, यह कदम सैनिकों से लगातार मिल रहे फीडबैक के आधार पर उठाया गया है।

इस पहल का नेतृत्व डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सप्लाईज एंड ट्रांसपोर्ट कर रहा है। चावल की मिलिंग निर्धारित रक्षा मानकों के अनुसार की जाएगी, ताकि सैनिकों को तय गुणवत्ता वाला खाद्यान्न मिल सके।

NAFED के जरिए होगी चावल की सप्लाई

रक्षा मंत्रालय के बयान के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान भारत राइस की आपूर्ति NAFED के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए चावल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जरूरी जांच और गुणवत्ता नियंत्रण की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

टूटे और खराब दानों की मात्रा रहेगी कम

रक्षा बलों के लिए तैयार किए जाने वाले इस चावल को निर्धारित मानकों पर खरा उतरना होगा। इसमें बाहरी पदार्थों और गंदगी की मौजूदगी नहीं होनी चाहिए। साथ ही, चावल में टूटे हुए, खराब और रंगहीन दानों की मात्रा न्यूनतम रखने पर जोर दिया जाएगा।

सैनिकों के फीडबैक पर लिया गया फैसला

भारत राइस की शुरुआत का प्रमुख उद्देश्य सैनिकों को मिलने वाले राशन में गुणवत्ता संबंधी सुधार करना है। सैनिकों से मिले लगातार फीडबैक को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था तैयार की गई है। वित्त वर्ष 2026-27 में इसकी आपूर्ति के बाद रक्षा बलों के राशन में निर्धारित गुणवत्ता वाले चावल की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर ध्यान दिया जाएगा।

Share this story

Tags