महिला आरक्षण पर सरकार का नया दांव, सीटें बढ़ाने के प्रस्ताव से बदले सियासी समीकरण
केंद्र सरकार लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में एक बार फिर संविधान संशोधन विधेयक लाने की तैयारी कर रही है। 30 नवंबर को लोकसभा में पेश किए जाने वाले संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 में महिला आरक्षण के साथ लोकसभा और राज्यों की विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव भी शामिल है। सरकार का यह कदम खास तौर पर दक्षिण भारतीय राज्यों की उस चिंता को दूर करने की कोशिश माना जा रहा है, जिसमें आबादी के आधार पर परिसीमन होने पर उनके राजनीतिक प्रतिनिधित्व में कमी आने की आशंका जताई जाती रही है।
नए प्रस्ताव के मुताबिक प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की मौजूदा लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की जा सकती है। इससे राज्यों के बीच संसद में सीटों का मौजूदा अनुपात बनाए रखने की कोशिश होगी।
लोकसभा में 850 तक हो सकती हैं सीटें
विधेयक में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 550 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है। इनमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकते हैं। इसी तरह राज्यों की विधानसभाओं में सदस्यों की अधिकतम संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने की तैयारी है।
इस प्रस्ताव का सबसे अहम पहलू सीटों में समान अनुपात से बढ़ोतरी है। परिसीमन के दौरान हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि किए जाने का प्रस्ताव है। इससे दक्षिणी राज्यों को यह भरोसा देने की कोशिश की गई है कि उनकी मौजूदा हिस्सेदारी अचानक कम नहीं होगी।
2011 की जनगणना के आधार पर होगा परिसीमन
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत परिसीमन के लिए संशोधन लागू होने की तारीख तक उपलब्ध नवीनतम प्रकाशित जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का नए सिरे से निर्धारण किया जा सकेगा।
हालांकि, सीटों के आवंटन और निर्वाचन क्षेत्रों के नए बंटवारे को 2051 तक बनाए रखने का प्रस्ताव है। परिसीमन की प्रक्रिया के लिए तीन सदस्यीय आयोग का गठन किया जाएगा। इसकी अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा या पूर्व न्यायाधीश करेंगे। आयोग सीटों की संख्या तय करने के साथ निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं और महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें भी निर्धारित करेगा।
महिलाओं को मिलेगा 33% आरक्षण
विधेयक में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। इसमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें भी शामिल होंगी।
महिला आरक्षण 2023 में किए गए संविधान संशोधन के तहत 15 साल तक प्रभावी रहने का प्रस्ताव है। इसके बाद संसद कानून बनाकर इसकी अवधि बढ़ा सकती है। आरक्षित सीटों का आवंटन चक्रानुक्रम के आधार पर किया जाएगा। एससी और एसटी महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों को संबंधित वर्ग के लिए निर्धारित निर्वाचन क्षेत्रों के भीतर बदला जाएगा।
स्टालिन और पवार के रुख से विपक्षी गठबंधन की बढ़ी चुनौती
नए विधेयक का असर सिर्फ महिला आरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा प्रभाव राजनीतिक समीकरणों पर भी पड़ सकता है। डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन लंबे समय से मांग करते रहे हैं कि तमिलनाडु की लोकसभा में मौजूदा हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए। उनकी एक प्रमुख मांग राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व के मौजूदा अनुपात को लंबे समय तक बनाए रखने की रही है।
नए विधेयक में सीटों को समान अनुपात में बढ़ाने का प्रस्ताव उनकी इस चिंता को काफी हद तक संबोधित करता नजर आ रहा है। डीएमके के लोकसभा में 22 सांसद हैं, इसलिए पार्टी का रुख विधेयक के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है।
वहीं, शरद पवार की अगुवाई वाली एनसीपी (एसपी) के नेता जितेंद्र आव्हाड ने भी प्रस्ताव का समर्थन करने की बात कही है। हालांकि, सुप्रिया सुले ने विधेयक का मसौदा देखने के बाद पार्टी का अंतिम रुख तय करने की बात कही है। ऐसे में डीएमके और एनसीपी (एसपी) का सकारात्मक रुख विपक्षी INDIA गठबंधन की रणनीति के लिए नई चुनौती बन सकता है।
अप्रैल में बहुमत नहीं जुटा पाई थी सरकार
इससे पहले 17 अप्रैल को पेश किए गए संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिल पाया था। उस समय 298 सांसदों ने इसके पक्ष में और 230 ने विरोध में मतदान किया था। विधेयक 54 वोट से पीछे रह गया था। इसके बाद सरकार ने इससे जुड़े अन्य प्रस्तावों को भी आगे नहीं बढ़ाया।
अब नए प्रस्ताव में सीटों की संख्या बढ़ाने का प्रावधान जोड़कर सरकार ने दक्षिणी राज्यों की चिंताओं को दूर करने की कोशिश की है। इससे पहले विरोध करने वाले कुछ दलों के रुख में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
लोकसभा में फिलहाल 540 सदस्य हैं और तीन सीटें खाली हैं। यदि कुछ सांसदों का निलंबन जारी रहता है तो मतदान करने वाले सदस्यों की संख्या और कम हो सकती है। ऐसे में सरकार के सामने विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी दो-तिहाई समर्थन जुटाना सबसे बड़ी राजनीतिक चुनौती होगी।

