केजरीवाल के ‘शीशमहल’ को आज से देख सकेंगे आम लोग, 20 रुपये हो सकता है टिकट; छात्रों-बुजुर्गों की एंट्री फ्री
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कार्यकाल के दौरान इस्तेमाल किया गया सरकारी बंगला शुक्रवार, 27 नवंबर से आम जनता के लिए खोला जाएगा। दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सबसे पहले बंगले का मीडिया टूर कराया जाएगा। इसके बाद आम लोग टिकट लेकर इसे अंदर से देख सकेंगे।
जानकारी के मुताबिक, बंगले में प्रवेश के लिए टिकट की कीमत 20 रुपये रहने की संभावना है। वरिष्ठ नागरिकों और कॉलेज के छात्रों को मुफ्त प्रवेश देने की योजना है। प्रवेश वर्मा ने अपनी पोस्ट के साथ केजरीवाल के मुख्यमंत्री पद की पहली शपथ का वीडियो भी साझा किया।
वर्मा ने बंगले के निर्माण और रेनोवेशन पर हुए खर्च को लेकर केजरीवाल पर निशाना साधा। उन्होंने इसे भ्रष्टाचार का उदाहरण बताते हुए कहा कि एक समय सरकारी गाड़ी तक इस्तेमाल नहीं करने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में कई मकानों को गिराकर आलीशान आवास तैयार कराया गया।
9 साल तक परिवार के साथ इसी बंगले में रहे केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल 2015 से 2024 तक करीब नौ साल इस सरकारी आवास में अपने परिवार के साथ रहे। भाजपा ने उनके कार्यकाल के दौरान बंगले के रेनोवेशन पर हुए खर्च को लेकर सवाल उठाए थे। पार्टी ने इसे 'शीशमहल' नाम दिया था। इसके बाद से यह बंगला राजनीतिक विवाद का विषय बना हुआ है।
निजी हॉस्पिटैलिटी कंपनी को सौंपने की तैयारी
दिल्ली सरकार की योजना इस बंगले को कुछ समय तक आम लोगों के लिए खुला रखने की है। इसके बाद इसे एक निजी हॉस्पिटैलिटी कंपनी को सौंपने की तैयारी है। प्रस्ताव के मुताबिक, कंपनी यहां सरकारी कॉन्फ्रेंस, लंच और बैठकों का आयोजन कर सकती है।
बंगले की साफ-सफाई और देखभाल के लिए करीब 10 कर्मचारियों की तैनाती की गई है। केजरीवाल के परिवार के आवास खाली करने के बाद PWD ने बंगले के अंदरूनी हिस्सों का विस्तृत ऑडिट भी कराया था।
रेनोवेशन पर 33.66 करोड़ रुपये खर्च होने का दावा
दिल्ली विधानसभा में पिछले साल पेश CAG रिपोर्ट के मुताबिक, बंगले के रेनोवेशन पर कुल 33.66 करोड़ रुपये खर्च किए गए। यह शुरुआती अनुमानित लागत 7.91 करोड़ रुपये से करीब 342 प्रतिशत अधिक था।
रिपोर्ट के अनुसार, इसमें से लगभग 18.88 करोड़ रुपये महंगे इंटीरियर, सजावटी सामान और एंटीक वस्तुओं पर खर्च हुए। CAG ने परियोजना में नियमों की अनदेखी, फंड के इस्तेमाल और लागत में बढ़ोतरी से जुड़ी अनियमितताओं का उल्लेख किया था।
मामले की CBI जांच भी जारी
बंगले के रेनोवेशन में कथित अनियमितताओं की जांच साल 2022 में तत्कालीन दिल्ली उपराज्यपाल वीके सक्सेना के निर्देश पर शुरू हुई थी। दिल्ली सरकार के विजिलेंस विभाग ने इस मामले की जांच की थी।
इसके अलावा, भाजपा विधायक और तत्कालीन नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता की शिकायत के आधार पर मामले में CBI जांच भी चल रही है। बंगले को जनता के लिए खोलने के फैसले के बाद एक बार फिर इसका खर्च और निर्माण से जुड़ा विवाद चर्चा में आ गया है।

