BREAKING:CEC Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का जन महाभियोग, खरगे के आवास पर जुटेंगे INDIA Bloc के नेता
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी INDIA गठबंधन शनिवार, 31 अक्टूबर को सांकेतिक 'जन महाभियोग' कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है। इस कार्यक्रम में कांग्रेस समेत गठबंधन के कई दलों के नेता शामिल हो सकते हैं। पहले यह आयोजन शुक्रवार को होना था, लेकिन बारिश के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था।
कार्यक्रम कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास 10, राजाजी मार्ग पर आयोजित होगा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया था कि सभी विपक्षी नेता शनिवार को उसी स्थान पर जुटेंगे, जहां पहले कार्यक्रम प्रस्तावित था।
मीरा कुमार करेंगी कार्यक्रम की अध्यक्षता
जन महाभियोग कार्यक्रम की अध्यक्षता लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार करेंगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रस्ताव पेश करेंगे। इसके बाद INDIA गठबंधन में शामिल विभिन्न दलों के प्रतिनिधि अपनी बात रखेंगे। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समापन भाषण देंगे। प्रस्ताव पर चर्चा के बाद इसे पारित किए जाने की प्रक्रिया होगी।
SIR और वोट चोरी के मुद्दे पर विपक्ष का विरोध
विपक्षी दल मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के आरोपों को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं। गठबंधन के नेताओं का आरोप है कि मतदाता सूची में गड़बड़ियों को लेकर चुनाव आयोग की भूमिका संतोषजनक नहीं रही है। इसी मुद्दे पर विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है।
बैठक में तय हुई कार्यक्रम की रूपरेखा
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, INDIA गठबंधन के नेताओं ने मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा और विभिन्न दलों की जिम्मेदारियों को अंतिम रूप दिया। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी पहले बताया था कि कई स्थानों पर आयोजन की अनुमति नहीं मिलने के कारण कार्यक्रम खरगे के आवास पर आयोजित करने का फैसला लिया गया।
विपक्ष का यह जन महाभियोग एक सांकेतिक राजनीतिक कार्यक्रम है। यह संसद में संविधान के तहत चलने वाली औपचारिक महाभियोग प्रक्रिया नहीं है।

