BREAKING : 2026 चुनाव में बड़ा उलटफेर करने वाले कोलाथुर के TVK विधायक वीएस बाबू का निधन, लंबे समय से थे बीमार
तमिलनाडु की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है। 2026 विधानसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री और DMK प्रमुख एमके स्टालिन को उनके गढ़ कोलाथुर में हराकर सुर्खियों में आए TVK विधायक वीएस बाबू का गुरुवार, 19 नवंबर को निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे। उन्होंने चेन्नई के MGM हेल्थकेयर अस्पताल में दोपहर 2:24 बजे अंतिम सांस ली।
अस्पताल की ओर से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, वीएस बाबू लंबे समय से सांस संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे। उनकी हालत बिगड़ने के बाद उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ, जिसके चलते उनका निधन हो गया। डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो सका।
9 सितंबर से अस्पताल में भर्ती थे वीएस बाबू
वीएस बाबू को सांस लेने में परेशानी के बाद 9 सितंबर 2026 को चेन्नई के MGM हेल्थकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब से वह ICU में डॉक्टरों की निगरानी में थे। उन्हें लगातार इलाज और मेडिकल सपोर्ट दिया जा रहा था।
अस्पताल के मेडिकल सर्विसेज डायरेक्टर राजेश अग्रवाल ने बताया कि इलाज के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई। गुरुवार दोपहर 2:24 बजे कार्डियक अरेस्ट के बाद उनका निधन हो गया।
चुनाव में एमके स्टालिन को हराकर बने थे चर्चा का केंद्र
वीएस बाबू का नाम 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के दौरान देशभर में चर्चा में आया था। TVK ने उन्हें कोलाथुर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था, जहां उनका मुकाबला DMK प्रमुख और तत्कालीन पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से था।
इस चुनाव में वीएस बाबू ने 82,997 वोट हासिल किए, जबकि एमके स्टालिन को 74,202 वोट मिले। इस तरह बाबू ने स्टालिन को 8,795 वोटों से हराकर बड़ा राजनीतिक उलटफेर कर दिया था। स्टालिन 2011 से लगातार इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे थे।
DMK से शुरू हुआ था राजनीतिक सफर
वीएस बाबू ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत DMK से की थी। वह पार्टी के संगठन में सक्रिय रहे और उत्तर चेन्नई के जिला सचिव की जिम्मेदारी भी संभाली। साल 2006 में उन्होंने पुरसैवक्कम विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर पहली बार विधायक बने थे।बाद में उन्होंने DMK छोड़कर 2016 में AIADMK का दामन थाम लिया। इसके बाद 7 फरवरी 2026 को वह अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) में शामिल हो गए। पार्टी ने उन्हें कोलाथुर से टिकट दिया और उन्होंने चुनाव में एमके स्टालिन को हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की।वीएस बाबू के निधन से TVK को बड़ा झटका लगा है। उनके निधन की खबर के बाद तमिलनाडु की राजनीति में शोक का माहौल है।

