BREAKING:कटिहार में पप्पू यादव के काफिले की स्कॉर्ट गाड़ी गड्ढे में गिरी, 5 लोग घायल
बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद और कांग्रेस नेता पप्पू यादव के काफिले की एक गाड़ी कटिहार में सड़क हादसे का शिकार हो गई। उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिस की स्कॉर्ट गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। इस दुर्घटना में पांच लोग घायल हो गए, जबकि पप्पू यादव सुरक्षित बच गए। हादसे के बाद सांसद ने अपना कार्यक्रम बीच में ही छोड़ दिया और पूर्णिया वापस लौट गए।
निजी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे सांसद
जानकारी के मुताबिक, पप्पू यादव कटिहार के सालमारी में आयोजित एक निजी कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहे थे। इसी दौरान कदवा थाना क्षेत्र में कुम्हरी पेट्रोल पंप के पास उनके काफिले के साथ चल रही पुलिस की स्कॉर्ट गाड़ी अचानक सड़क किनारे बने गड्ढे में गिर गई।
घटना की जानकारी मिलते ही कदवा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गड्ढे में गिरी गाड़ी को बाहर निकलवाया। हादसे के बाद पप्पू यादव कुम्हरी से ही वापस पूर्णिया लौट गए।
फेसबुक पोस्ट में सांसद ने बताई पूरी घटना
दुर्घटना के बाद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पोस्ट साझा कर घटना की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, 'जाको राखे साइयां, मार सके ना कोई...'। सांसद ने बताया कि कटिहार से सन्हौली जाने के दौरान उनकी स्कॉर्ट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होकर गड्ढे में गिर गई।
उन्होंने कहा कि ईश्वर की कृपा और लोगों की दुआओं से उनके सभी लोग सुरक्षित हैं। हालांकि, हादसे में पांच लोगों को चोटें आई हैं। किसी के गर्दन, किसी के माथे तो किसी की पीठ में चोट लगी है। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए भेजा गया है।
सड़क निर्माण में लापरवाही को बताया हादसे की वजह
पप्पू यादव ने इस दुर्घटना के लिए सड़क निर्माण में कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेलोरी-सन्हौली-सालमारी मुख्य सड़क बाढ़ के समय से ही क्षतिग्रस्त है, लेकिन अब तक इसका उचित तरीके से निर्माण नहीं कराया गया।
सांसद के मुताबिक, सड़क निर्माण कर रही ठेकेदार कंपनी और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों की उदासीनता के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने दावा किया कि दुर्घटनास्थल पर न तो चेतावनी बोर्ड लगाया गया था और न ही डायवर्जन या बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी।
ठेकेदार और PWD अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
सांसद ने सड़क निर्माण से जुड़े ठेकेदार, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर और एसडीओ को हादसे के लिए जिम्मेदार बताया है। उन्होंने कहा कि अगर बारिश नहीं हुई होती और मिट्टी गीली नहीं होती तो दुर्घटना और भी गंभीर हो सकती थी।
पप्पू यादव ने सवाल उठाया कि आखिर किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदार अधिकारियों की नींद क्यों खुलती है? उन्होंने सड़क निर्माण में बरती गई कथित लापरवाही को गंभीर मामला बताते हुए संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

