BREAKING: Delhi Protest: जंतर-मंतर जा रहे 600 प्रदर्शनकारी हिरासत में, ध्रुव राठी को घर से ले गई पुलिस
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जा रहे करीब 600 समर्थकों को अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लिया गया है। इस दौरान कुछ जगहों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है, जबकि कुछ सड़कों पर कीलें भी लगाई गई हैं।
प्रदर्शन से पहले पुलिस ने यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित उनके घर से हिरासत में लिया। वहीं, CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके मुंबई से दिल्ली पहुंच गए हैं। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली के कई इलाकों में सुरक्षा इंतजाम बढ़ाए गए हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
CJP ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया था। संगठन की प्रमुख मांगों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया रोकना शामिल है।
CJP ने SIR के जरिए वोट चोरी होने के आरोप लगाए हैं। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने संगठन को प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी है। इसके बावजूद प्रदर्शन में शामिल होने के लिए समर्थकों के पहुंचने की कोशिश के बीच पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है।
बैरिकेडिंग और कीलों से रास्ते बंद करने की तैयारी
प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर तक पहुंचने से रोकने के लिए कई रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है। कुछ सड़कों पर कीलें भी लगाई गई हैं, ताकि भीड़ को आगे बढ़ने से रोका जा सके। अलग-अलग स्थानों पर पुलिस की तैनाती की गई है।
प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे समर्थकों को हिरासत में लिए जाने के बाद कुछ जगहों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति भी बनी। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ाई गई है।

