BREAKING : पठानकोट जा रहे BJP नेता रवनीत बिट्टू के काफ़िले पर हमला, 3 आरोपी हिरासत में
पंजाब के पठानकोट में पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले पर हमला किए जाने की घटना सामने आई है। बिट्टू के मुताबिक, वह भाजपा के एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, तभी उनके काफिले को कथित तौर पर निशाना बनाया गया। इस दौरान गाड़ियों पर अंडे और टमाटर फेंके गए और कुछ वाहनों की खिड़कियां तोड़ने का भी दावा किया गया।
घटना के बाद का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बिट्टू के समर्थक एक शख्स को पकड़ते नजर आ रहे हैं। वीडियो में पुलिसकर्मी भी दिखाई दे रहे हैं। बिट्टू की ओर से दावा किया गया कि पकड़ा गया व्यक्ति हमले से जुड़ा हुआ है।
ड्रग्स के खिलाफ यात्रा में जा रहे थे बिट्टू
रवनीत सिंह बिट्टू ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह ड्रग्स के खिलाफ निकाली जा रही यात्रा में शामिल होने जा रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार और नशे के आदी लोगों के बीच मिलीभगत है। बिट्टू ने दावा किया कि उनके काफिले पर करीब 500 लोगों की मौजूदगी में हमला किया गया।
बिट्टू ने यह भी कहा कि उनके पास Z-प्लस सुरक्षा है और उनके साथ बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी मौजूद रहते हैं। उनके मुताबिक, मौके पर स्थानीय DSP और SP भी पुलिस बल के साथ मौजूद थे।
हथियार होने का भी बिट्टू ने किया दावा
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने उनकी गाड़ियों को घेरने की कोशिश की और लगातार हिंसा की धमकी दी। उन्होंने दावा किया कि कुछ लोगों के पास हथियार भी थे। बिट्टू के मुताबिक, अंडे और टमाटर फेंकना तो छोटी बात थी, बल्कि गाड़ियों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश भी की गई।
बिट्टू के कार्यालय की ओर से बताया गया कि वह पठानकोट में उस यात्रा में शामिल होने जा रहे थे, जिसे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुरू किया है। इसी दौरान उनके काफिले पर कथित हमला हुआ और उनकी सुरक्षा टीम ने तीन लोगों को पकड़ा।
AAP ने लगाया पलटवार का आरोप
वहीं, आम आदमी पार्टी की ओर से बिट्टू के वीडियो में नजर आ रहे शख्स की पहचान जोबन रंधावा के तौर पर बताई गई है। AAP के मुताबिक, जोबन रंधावा का कहना है कि उनके कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे थे और बिट्टू ने अपने समर्थकों के जरिए उन्हें निशाना बनाया।
फिलहाल, इस पूरे मामले में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे सामने आए हैं। घटना को लेकर पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

